दिल्ली में स्कूल जा रही छात्रा को बीच सड़क पर युवक ने मारा चाकू, हमलावर निकला पीड़िता का पड़ोसी
Delhi News पश्चिमी दिल्ली में स्कूटी सवार युवक ने 11वीं की छात्रा पर उस समय चाकुओं से हमला कर दिया जब वह स्कूल जा रही थी। बृहस्पतिवार सुबह हुई घटना के बाद मौके पर पहुंची दिल्ली पुलिस जांच में जुट गई है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। देश की राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में स्कूटी सवार युवक ने छात्रा का पीछा करने के दौरान किसी बात पर बहस हुई तो उस पर कई बार चाकुओं के वार किए।
इस वारदात को युवक ने बीच सड़क पर अंजाम दिया। वहीं छाती और पेट में चाकू के कई वार के चलते 11वीं की छात्रा सड़क पर ही गिर गई। चीख-पुकार सुनकर घटनास्थल पर जमा हुए लोगों ने पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, अस्पताल में भर्ती युवती की हालत गंभीर बनी हुई है।
जागरण संवाददाता गौतम कुमार मिश्रा के अनुसार, तिलक नगर थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही छात्रा पर अज्ञात लड़के ने चाकू से कई वार किए। इसके बाद वह फरार हो गया, जबकि वहां मौजूद लोगों ने लड़की को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत काफी गंभीर बताई जा रही है।
वहीं, दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, स्कूली छात्रों को रोक कर युवक ने चाकू के कई वार किए। युवक ने छात्रा के पेट और छाती पर चाकू मारे हैं। अस्पताल में छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में हमलावर पड़ोसी बताया जा रहा है। लड़की को चाकुओं से गोदने वाला भी नाबालिग या नहीं? इसका पता लगाया जा रहा है।
एकतरफा प्यार का एंगल तो नहीं
वहीं, मामले की जानकारी लगते ही दिल्ली पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं यह एकतरफा प्यार में पड़े युवक की करतूत तो नहीं है। बताया जा रहा है कि आरोपित लड़का स्कूटी से आया और अचानक से 11वीं कक्षा की छात्रा पर हमला बोल दिया।
पूर्वी दिल्ली कैंची से रेता था महिला का गला, गिरफ्तार
वहीं, पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर इलाके में एक जुलाई को हुई महिला की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। सीढ़ियों से गिरने के दौरान मंगलसूत्र से महिला का गला नहीं कटा था, बल्कि दुष्कर्म का विरोध करने पर एक युवक ने कैंची से गला रेतकर हत्या की थी। जिस मकान में महिला किराये पर रहती थी, उसी मकान में किराये पर रहने वाले एक किरायेदार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले का मान सिंह है। पुलिस के मुताबिक वारदात के दौरान महिला छत पर कपड़े सुखाकर नीचे आ रही थी, इसी दौरान आरोपित ने महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश की थी।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त आर सत्यसुंदरम ने बताया कि एक जुलाई दोपहर 12:38 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गई है। पुलिस जब पहुंची तो महिला मृत पड़ी थी। महिला मूलरूप से बिहार के मधुबनी की रहने वाली थी। महिला के गले पर कट लगा हुआ था।