सीतापुर के मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश हुआ माेहम्मद जुबेर, धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप
खैराबाद बड़ी संगत के महंत बजरंग मुनि को अपशब्द कहने वाले एक चैनल के सह संस्थापक मोहम्मद जुबेर गुरुवार को सीतापुर न्यायालय में पेश हुए। दिल्ली पुलिस दो दिन पहले भी जुबेर को लेकर सीतापुर आई थी। न्यायिक मजिस्ट्रेट-प्रथम के न्यायालय में पेशी के बाद उसे वापस ले जाया गया।
सीतापुर, संवादसूत्र। खैराबाद बड़ी संगत के महंत बजरंग मुनि को अपशब्द कहने वाले एक चैनल के सह संस्थापक मोहम्मद जुबेर गुरुवार को सीतापुर न्यायालय में पेश हुए। दिल्ली पुलिस दो दिन पहले भी जुबेर को लेकर सीतापुर आई थी। न्यायिक मजिस्ट्रेट-प्रथम के न्यायालय में पेशी के बाद उसे वापस ले जाया गया। गुरुवार की सुबह दस बजकर पचास मिनट पर जुबेर को सीतापुर लाया गया। खैराबाद थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि सह संस्थापक मो. जुबेर को न्यायालय में पेश किया गया है। पेशी, न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में होगी।
पुलिस ने दाखिल किया था वारंट : खैराबाद पुलिस ने न्यायालय में जुबेर के खिलाफ वारंट दाखिल किया था। इसके बाद ही वह सोमवार को न्यायालय में पेश हुआ। पुलिस ने उसका रिमांड भी बनवाया था। गुरुवार को मोहम्मद जुबेर को दोबारा न्यायालय में पेश किया गया है।
खैराबाद में दर्ज है जुबेर पर केस : हिंदू शेर सेना के जिलाध्यक्ष भगवान शरन ने एक जून को खैराबाद थाने में दी तहरीर में मोहम्मद जुबेर के ट्वीट का हवाला दिया था, जिसमें उसने महंत बजरंग मुनि पर टिप्पणी की थी। बताया गया था कि मोहम्मद जुबेर का महंत बजरंग मुनि के साथ कोई विवाद नहीं है। किसी तरह की मुकदमे बाजी भी नहीं है। समाज में नफरत फैलाने के उद्देश्य से हम सबकी आस्था के प्रतीक धार्मिक स्थल बड़ी संगत के बजरंग मुनि के खिलाफ आपत्तिजनक ट्वीट किया है।
ट्वीट में महंत बजरंग मुनि को नफरत फैलाने वाला कहा गया था। बजरंग मुनि हिंदू शेर सेना के संरक्षक हैं। हिंदू शेर सेना के जिलाध्यक्ष भगवान शरण ने यह भी कहा कि मोहम्मद जुबेर ने ट्वीट में यति नरसिंहानंद सरस्वती व आनंद स्वरूप का भी अपमान किया है। इनके लिए भी अपशब्द बोले हैं। देश में जितने भी हिंदू हैं, मोहम्मद जुबेर मुसलमानों को उनके प्रति भड़काता है।