सेवानिवृत्त पारा शिक्षक की वज्रपात से मौत
सेवानिवृत पारा शिक्षक की वज्रपात से मौत
सेवानिवृत्त पारा शिक्षक की वज्रपात से मौत
संवाद सहयोगी, बिरनी (गिरिडीह) : खेत में धान का बीज बोने गए 63 वर्षीय सेवानिवृत्त पारा शिक्षक विनय शंकर राय की मौत वज्रपात की चपेट में आने से हो गई। घटना बीते शुक्रवार शाम करीब चार बजे की है। मृतक बिरनी के चोंगाखार के भंडरा गांव का रहने वाला था। मृतक के स्वजन सह भाकपा माले नेता विक्रम आंनद राय ने बताया कि वह धान बीज बोने के लिए ट्रैक्टर से खेत जोतवा कर शुक्रवार सुबह को रखे थे। शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे डोंबाहिरा के खेत वह धान का बीज लगाने गए थे। खेत में काम करने के दौरान अचानक वज्रपात हो गया। इससे उसकी मौत हो गई। स्वजनों को इसकी जानकारी नहीं हो पाई। जब रात करीब आठ बजे तक वह घर नहीं पहुंचे तो स्वजन खोजबीन करने लगे। स्वजन काफी देर तक गांव में उन्हें खोजते रहे। पता नहीं चलने पर ग्रामीणों ने कहा कि खेत में जाकर देखना चाहिए। तब रात करीब नौ बजे वे लोग खेत के पास पहुंचे। वहां वह झुलसे पड़े थे।
स्वजन ग्रामीणों के सहयोग से एंबुलेंस से बिरनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर रात करीब साढ़े दस बजे पहुंचे। चिकित्सा पदाधिकारी डा. प्रवीण अग्रवाल ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। तब स्वजन दहाड़ मारकर रोने लगे। सूचना मिलने पर प्रमुख रामू बैठा अस्पताल पहुंचे और इसकी जानकारी स्वजनों से ली। प्रमुख ने घटना की सूचना बिरनी थाना को दी और आपदा प्रबंधन के तहत चार लाख रुपये का मुआवजा मृतक की पत्नी को दिलाने का भरोसा दिया। पुलिस पदाधिकारी ने रात को ही अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। शनिवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया । पोस्टमार्टम के बाद शव को स्वजनों को सौंप दिया गया। मृतक का इकलौता पुत्र दिव्यांग है। उसके घर में अब कमाऊ व्यक्ति कोई नहीं है। सेवानिवृत्ति के बाद वह घर में खेती करने लगे। खेती से ही उनके स्वजनों का जीविकापार्जन होता था।