Bihar News Today HIGHLIGHTS: कल डायल 112 सेवा का उद्घाटन करेंगे सीएम नीतीश, सामने आई अस्पताल में भर्ती लालू की पहली तस्वीर
HIGHLIGHTS Bihar News Toaday, 05 July 2022: एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने आज बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित गठबंधन के सांसदों व विधायकों से मुलाकात की। मानसून के ठंडा पड़ने से अगले कुछ दिनों तक भारी वर्षा नहीं होगी।
पटना, जागरण टीम। HIGHLIGHTS Bihar News Today, 05 July 2022: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) बुधवार को सभी आपात स्थितियों में सहायता के लिए एकीकृत डायल 112 सेवा का उद्घाटन करेंगे। राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (RJD Supremo Lalu Prasad Yadav) बीमार हैं। उनकी अस्पताल में इलाज के दौरान की पहली तस्वीर बेटी रोहिणी आचार्य (Rohini Acharya) ने ट्वीट की है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) मंगलवार को पटना थीं। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) सहित एनडीए के सांसदों व विधायकों से मुलाकात की। बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून (Monsoo in Bihar) ठंडा पड़ने से अगले चार से पांच दिनों तक भारी वर्षा के आसार नहीं हैं। हालांकि, कुछ जगह छिटपुट वर्षा व वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है।
Bihar News Today, 05 July 2022 HIGHLIGHTS:
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कल करेंगे डायल-112 सेवा का उद्घाटन
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय से डायल-112 सेवा का उद्घाटन करेंगे। बिहार में आपात सेवा के लिए एक ही नंबर 112 होगा। अब पुलिस, एंबुलेंस और फायर या अन्य मदद के लिए अलग-अलग नंबर डायल करके इमरजेंसी सेवा लेने का झंझट खत्म हो जाएगा।
आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबीयत स्थिर
आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबीयत स्थिर बताई जा रही है। वे आइसीयू में हैं। परिवार उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाने पर विचार कर रहा है।
पटना में लैंड नहीं हो सकी गो-एयर की फ्लाइट
पटना में तकनीकी खराबी के कारण गो-एयर की फ्लाइट लैंड नहीं हो सकी। पायलट फ्लाइट को दिल्ली ले गया, जहां इसकी लैंडिंग हुई। इस फ्लाइट से पटना से जाने वाले यात्री एयरपोर्ट के सिक्यूरिटी होल्ड एरिया में हैं।
छपरा में लापता महिला का शव पड़ोसी के घर में मिला
छपरा के अमनौर थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव में सोमवार की देर शाम से लापता महिला का शव मंगलवार की दोपहर पड़ोसी के घर में मिला। घटना को लेकर गांव में तनाव है। तनाव को देखते हुए वहां अमनौर सहित भेल्दी व मकेर थाना पुलिस भी पहुंची है। मृतका शेखपुरा डीह निवासी वीर प्रसाद सिंह की 62 वर्षीया पत्नी आरती देवी है।
पूर्वी चंपारण के सुगौली में पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण के सुगौली थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय बच्ची के साथ एक अधेड़ के दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। स्थानीय पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के एक गांव में एक महिला अपने दो बच्चों के साथ रहती है। उसका पति बाहर काम करता है। महिला ने एक मजदूर को अपने यहां काम करने के लिए बुलाया था। इस बीच महिला भोजन बनाने के लिए चली गई। मौका देखकर अधेड़ मजदूर ने पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
जहानाबाद में आग में झुलसकर एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत
जहानाबाद के घोसी थाना क्षेत्र के अलालपुर गांव में आग में झुलसे परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई है। आगे बीते 29 जून को संजय विश्वकर्मा के घर में गैस सिलेंडर के रिसाव के कारण लगी थी। उसमें रानी कुमारी (8 वर्ष) एवं विक्रम बजरंगी (3 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। आग में झुलसे रौशन कुमार तथा बबीता देवी की मौत इलाज के दौरान शनिवार को पटना मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में हो गई थी। अब घायल संजय विश्वकर्मा की भी मौत हो गई है। संजय का शव मंगलवार को अलालपुर गांव लाया गया। अब घर में संजय विश्वकर्मा के पिता अर्जुन विश्वकर्मा एवं एक पुत्री बच गई है।
पटना में मिले कोरोना के 181 नए संक्रमित
पटना जिले में 181 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। करीब आठ हजार लोगों की जांच में 218 की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इनमें 11 फालोअप केस है। कुल 207 नए संक्रमितों में से 181 पटना के और 26 अन्य जिलों के निवासी हैं। इसके साथ ही जिले में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 693 हो गई है। इनमें से 581 पटना के ताे 112 अन्य जिलों के निवासी हैं।
औरंगाबाद में डूबने से एक ही गांव के दो स्कूली छात्रों की मौत
औरंगाबाद जिले के माली थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव में आहर में डूबने से दो स्कूली छात्रों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब विद्यालय से छुट्टी के बाद बच्चे घर जाने के दौरान आहर में स्नान करने लगे। ग्रामीणों ने बताया कि जीतेंद्र पाठक के पुत्र अंश पाठक (9 वर्ष) एवं विकास पासवान के पुत्र पवन कुमार (11 वर्ष) की डूबने से मौत हुई।
पटना में एनडीए के सांसदों-विधायकों से मिल रहीं द्रौपदी मुर्मू
पटना के होटल मौर्या में एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू एनडीए के सांसदों-विधायकों व प्रमुख नेताओं से मिल रहीं हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मुलाकात की है।
पूर्णिया में 20 हजार रुपये रिश्वत लेते जिला कल्याण कार्यालय का हेड क्लर्क गिरफ्तार
पूर्णिया के जिला कल्याण पदाधिकारी कार्यालय में कार्यरत हेड क्लर्क संजय कुमार को रिश्वत लेते निगरानी की टीम ने मंगलवार को दबोचा है। जानकीनगर अंबेडकर राजकीय उच्च विद्यालय के चतुर्थ वर्गीय कर्मी मनोज कुमार की शिकायत पर उसे गिरफ्तार किया गया है। मिली जानकारी अनुसार मनोज कुमार अपने एसीपी एरियर के भुगतान की मांग हेड क्लर्क संजय कुमार से कर रहा था।
पटना पहुंचीं द्रौपदी मुर्मू, एनडीए सांसदों व विधायकों से करेंगी मुलाकात
एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू कुछ देर पहले पटना पहुंचीं हैं। पटना में वे एनडीए सांसदों व विधायकों से मुलाकात करेंगी। देर शाम वे दिल्ली लौट जाएंगी।
सामने आई अस्पताल में भर्ती लालू की पहली तस्वीर
राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव बीमार हैं। बेटी रोहिणी आचार्य ने उनकी पटना के एक अस्पताल में इलाज के दौरान की उनकी पहली तस्वीर ट्वीट की है। तस्वीर पोस्ट करते हुए उनके लिए लिखा है कि उन्होंने हर बाधाओं से मुक्ति पाई है, उनकी शक्ति करोड़ों लोगों की दुआएं हैं।
तेज प्रताप व ऐश्वर्या के परिवारों में होगी बातचीत
राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बटे तेजप्रताप यादव और ऐश्वर्या राय के तलाक के मामले में दोनों परिवारों के बीच बातचीत फिलहाल टल गई है। लालू प्रसाद यादव की खराब सेहत को देखते हुए बातचीत अब 10 जुलाई को दोपहर 12 बजे पटना जू के गेस्ट हाउस में होगी।
तलाक के इस मामले में पटना हाईकोर्ट चाहता है कि तेजप्रताप यादव और ऐश्वर्या राय के बीच सब ठीक हो जाए। यह बातचीत इसी कोशिश के तहत है।
बिहार में मानसून ठंडा, झमाझम वर्षा रुकी
बिहार में मानसून ठंडा हुआ है। इसके साथ झमाझम वर्षा रुक गई है। अगले चार-पांच दिनों तक राज्य में भारी वर्षा के आसार नहीं हैं। हालांकि, कुछ जगहों पर वज्रपात व छिटपुट वर्षा की स्थिति बनी रह सकती है।
पटना आ रहीं राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू
एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू बिहार के विधायकों से वोट की अपील करने मंगलवार को 10 बज पटना पहुंच रही हैं। वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ-साथ एनडीए के सभी सांसदों और विधायकों से मुलाकात कर देर शाम वापस दिल्ली लौट जाएंगी। चर्चा है कि वे इस यात्रा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से भी मिल सकती हैं।
(यहां पढ़ें पूरी खबर)