सम्भल में सुबह-सुबह वकील को सरेराह मारी गोली, खेत में टहलने गए अधिवक्ता को लगी हैं तीन गोली
Sambhal Crime News उत्तर प्रदेश के सम्भल जनपद में सुबह-सुबह टहलने गए एक अधिवक्ता को गोली मार दी गई। हमलावरों ने वकील को तीन गोली मारी जिसमें एक सिर में और दो गोली सीने में लगीं। गोली मारने के बाद हमलावर भाग गए।
जागरण संवाददाता, सम्भल। Sambhal Crime News : उत्तर प्रदेश के सम्भल जनपद में सुबह-सुबह टहलने गए एक अधिवक्ता को गोली मार दी गई। हमलावरों ने वकील को तीन गोली मारी, जिसमें एक सिर में और दो गोली सीने में लगीं। गोली मारने के बाद हमलावर भाग गए। आसपास मौजूद लोगों ने वकील को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उन्हें मुरादाबाद रेफर कर दिया गया है।
वारदात सम्भल के बहजोई के गांव शमशोई में हुई। वकील अमित कुमार शर्मा (38) पुत्र ओम प्रकाश शर्मा सुबह सात बजे खेत पर टहलने गए थे तभी हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। हमलावरों ने अमित को तीन गोली मारी। एक सिर में, दो गोली सीने मेंं लगी है। आसपास के लोगों की मदद से अमित को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने सिर की गोली तो निकाल दी। लेकिन, सीने में लगी गोली निकालने के लिए मुरादाबाद के अस्पताल रेफर कर दिया।
बहजोई थाना क्षेत्र के गांव शमशोई निवासी अमित कुमार चन्दौसी कचहरी में अधिवक्ता हैंं। इनके खेत चन्दौसी कोतवाली क्षेत्र के गांव बुधनगर खंडुवा क्षेत्र में है। मंगलवार को सुबह अमित कुमार शर्मा बाइक से अपने खेत पर फसल को देखने के लिए गए थे। जैसे ही वह खेत पर पहुंचे तो तीन हमलावरों ने इन्हें घेर लिया। उन्होंने जान बचाने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन इसी बीच हमलावरों ने गोली चला दी। तीनों हमलावरों ने एक-एक गोली मारी।
एक गोली सिर में लगी तो दो पेट में लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी मिलने पर स्वजन भी पहुंच गए। पहले घायल को बहजोई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन यहां हालत गंभीर होने पर मुरादाबाद रेफर कर दिया। अब उनका उपचार मुरादाबाद के एपेक्स हास्पिटल में चल रहा है। सीओ दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि घायल का मुरादाबाद में उपचार चल रहा है। स्वजन भी वहींं पर है। स्वजन से बात करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।