Jharkhand Coronavirus Death: रांची के बड़े व्यवसायी की कोरोना से मौत, झारखंड में आज 9 की गई जान
Jharkhand Coronavirus Update शनिवार को भर्ती कराने के बाद उनका कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया था। इसकी रिपोर्ट सोमवार देर रात पॉजिटिव आयी थी।
रांची, जासं। झारखंड में कोरोना का कहर जारी है। लगातार संक्रमितों की संख्या बढ़ने के साथ ही मृतकों की संख्या भी बढ़ रही है। मंगलवार को रांची के एक बड़े व्यवसायी सहित झारखंड में 9 लाेगों की कोरोना से मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, रांची में 47 वर्षीय मरीज बीकेबी मॉल के मालिक को सांस लेने में परेशानी होने पर शनिवार को ऑर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
यहां इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह उनकी मौत हो गई। शनिवार को भर्ती कराने के बाद उनका कोरोना जांच के लिए सैंपल लिया गया था। इसकी रिपोर्ट सोमवार देर रात पॉजिटिव आयी थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। लेकिन इलाज के क्रम में ही संक्रमित ने दम तोड़ दिया। इधर, आज जमशेदपुर के दो मरीज की मौत कोरोना से हो गई। जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में इलाजरत दो मरीजों की मौत होने की सूचना है। बोकारो में भी एक 50 वर्षीय संक्रमित की मौत बोकारो जनरल अस्पताल में हुई है। वहीं, देवघर में दो तथा हजारीबाग, रामगढ़ व पश्चिमी सिंहभूम में एक-एक मरीज की मौत इलाज के क्रम में हो गई।
बता दें कि झारखंड में कोरोना वायरस से मौत का आंकड़ा तेजी से बढ़ता जा रहा है। झारखंड में अब तक 286 लोग कोरोना के कारण अपनी जान गवां चुके हैं। सोमवार को भी 11 लोगाें की मौत कोरोना के कारण हुई थी। जमशेदपुर, कोडरमा, साहिबगंज, धनबाद व सिमडेगा के 11 मरीजों की मौत हुई थी। झारखंड में अब तक कोरोना से हुई मौत में से रांची में अब तक 40 से अधिक लोगों की जान चली गई है। सबसे ज्यादा पूर्वी सिंहभूम के लोगों की मौत कोरोना से हुई है।