वाहन जांच अभियान में पढ़ाया यातायात नियमों का पाठ
यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और यातायात नियमों का पालन कराने को लेकर सघन वाहन जांच अभियान शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर चलाई गई।
वाहन जांच अभियान में पढ़ाया यातायात नियमों का पाठ
जागरण संवाददाता, गिरिडीह : यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और यातायात नियमों का पालन कराने को लेकर सघन वाहन जांच अभियान शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर चलाया गया। इस क्रम में यातायात विभाग के थानेदार प्रेमरंजन उरांव के नेतृत्व में शहर के आंबेडकर चौक, पचंबा चौक, कोलडीहा समेत अन्य स्थानों पर वाहनों की जांच की गई। इसके तहत लोगों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया गया और इन नियमों का पालन करते हुए जुर्माने से बचने की सलाह दी गई। साथ ही बगैर हेलमेट व वाहन से संबंधित कागजात के बिना वाहन चलानेवालों से जुर्माने की राशि वसूली गई। लोगों को हिदायत भी दी गई कि घर से वाहन लेकर निकलते वक्त हेलमेट व आवश्यक कागजात साथ लेकर चलें अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें। दूसरी ओर सार्जेंट मुकेश कुमार के नेतृत्व में गिरिडीह-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर गांडेय थाना के समक्ष सघन वाहन जांच की गई। इसके तहत बगैर हेलमेट व बगैर कागजात के वाहन चलानेवाले 25 लोगों का चालान काटते हुए जुर्माने की राशि वसूल की गई। इसमें कई पुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल थे।