Himachal BJP : अगस्त से भाजपा के रंग में रंगेगा पहाड़ का हर कोना, विधानसभा चुनाव के लिए तैयार किया जाएगा प्रचार-प्रसार का खाका
Himachal BJP विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। अगस्त शुरू होते ही भाजपा के बड़े-बड़े साइन बोर्ड व पोस्टर शहर से लेकर गांव तक दिखाई देंगे। प्रचार-प्रसार कैसे करना है इसका पूरा खाका वीरवार रात बद्दी के एक निजी होटल में तैयार किया गया।
शिमला, रोहित नागपाल। Himachal BJP, विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने कमर कस ली है। अगस्त शुरू होते ही भाजपा के बड़े-बड़े साइन बोर्ड व पोस्टर शहर से लेकर गांव तक दिखाई देंगे। पार्टी व सरकार के कार्यों का प्रचार-प्रसार कैसे करना है, इसका पूरा खाका वीरवार रात बद्दी के एक निजी होटल में तैयार किया गया। साथ ही किन योजनाओं को प्रचार में मुख्य स्थान देना है, इसका पूरा प्लान तैयार किया गया है।
राज्य सरकार व संगठन की कौन सी योजनाएं प्रचार के दौरान प्राथमिकता पर रहेंगी, इस पर भी मंथन कर फाइनल किया गया है। जो कार्य सीधे तौर पर लोगों से जुड़े रहे हैं, उन्हें बेहतर बनाते हुए और आकर्षक तरीके से लोगों तक पहुंचाने के लिए प्लान तैयार किया गया है। इसे अगस्त से पूरे राज्य में लागू करने की तैयारी है। हिमाचल में विधानसभा चुनाव दिसंबर से पहले करवाए जाएंगे। इसलिए भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा हाईकमान की ओर से भी कई नेता हिमाचल में रैलियां कर लौट गए हैं। भाजपा एक चरण का प्रचार त्रिदेव सम्मेलन कर सभी संसदीय क्षेत्रों में पूरा कर चुकी है। अगस्त में पंच परमेश्वर से लेकर अन्य कार्यक्रम और सम्मेलन भी करने प्रस्तावित हैं। पार्टी बूथ स्तर तक संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए काम कर रही है।
एक पन्ना प्रमुख पर बनाई तीन लोगों की कमेटी
पिछली बार भाजपा ने हिमाचल में हर बूथ पर पन्ना प्रमुख की तैनाती की थी। एक पन्ना प्रमुख पर तीन लोगों की कमेटी बनाई गई है। राज्य में 7700 से ज्यादा पोलिंग बूथ हैं। इन बूथों की मतदाता सूची में हर पन्ने पर तीन लोगों की कमेटियां बनाकर भाजपा ने संगठनात्मक ढांचे को मजबूती दी है।
नड्डा 23 को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय आएंगे
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में पूर्व छात्र संघ का कार्यक्रम 23 जुलाई को बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इसमें विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा मुख्य अतिथि होंगे। वह 1983 में छह माह के लिए एससीए के अध्यक्ष रहे थे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर व शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
यह बात कुलपति आचार्य सत प्रकाश बंसल ने पूर्व छात्र संघ से संबंधित समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्र संघ की गतिविधियों के लिए सभी पूर्व छात्रों को आर्थिक मदद करनी चाहिए। इस राशि से संघ भव्य भवन निर्माण के साथ अन्य गतिविधियां भी आयोजित करेगा। उन्होंने सभी सदस्यों से अपील की है कि वे कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने पूर्व छात्र संघ के सदस्य के नाते 31 हजार रुपये का चेक अध्यक्ष आचार्य पीके आहलूवालिया को सौंपा। भविष्य में भी वह पूर्व छात्र संघ को योगदान देते रहेंगे।