आसमान में छाए रहे घने बादल, नहीं बरसा पानी
बुलंदशहर, जेएनएन। एक दिन पहले हुई झमाझम बारिश के बाद रविवार को दिनभर आसमान में घने काले बादल छाए रहे। दिनभर सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी चलती रही। करीब साढ़े छह बजे ही सूरज को बादलों ने पूरी तरह से ढक लिया और घने बादलों के चलते अंधेरा छाने लगा।
मानसून की सक्रियता के बाद जिले में शुक्रवार को झमाझम बारिश हुई और मौसम के जानकारों ने रविवार को भी हल्की बारिश की संभावना जतायी थी। हालांकि ऐसा नहीं हो सका और सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। सूरज के दर्शन भी यदाकदा होते रहे, लेकिन बादलों की अधिकता रही। दिन में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर को मामूली उमस महसूस हुई, लेकिन सूरज के बादलों से निकलने और हवा की गति 14 से 16 किमी के बीच होने से एहसास नहीं हुआ। धूप न होने से लोगों को गर्मी से राहत जरूर रही। शाम को भी मौसम अच्छा रहने के चलते बाजारों व सड़कों पर अधिक भीड़ नजर आई। बच्चे बंद सड़कों पर खेलते और आमजन टहलते नजर आए। दिनभर घने बादलों का जमघट देर रात होत-होते बढ़ रहे थे। कृषि मौसम विज्ञानी रामानंद पटेल ने बताया कि फिलहाल बारिश की संभावना कम है और सोमवार को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।