भिवानी में नशा मुक्ति केंद्र से लौटे युवक की मौत, शरीर पर चोट के निशान, हत्या का मामला दर्ज
भिवानी में राजगढ़ के नशा मुक्ति केंद्र से घर लौटे युवक की मौत हो गई। मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी दिखे। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मोर्चरी में भी शव को डी-फ्रीज में नहीं रखने पर हंगामा सीएमओ को शिकायत।
भिवानी, जागरण संवाददाता। भिवानी में राजगढ़ के एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक की घर पर वापस लाने पर मौत हो गई। मृतक युवक हनुमान ढाणी निवासी दीपक सोनी के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। वह 28 साल का था। पुलिस ने हत्या के मामले की जीरो एफआइआर दर्ज कर राजगढ़ पुलिस को सूचित कर दिया।
शुक्रवार सुबह जब परिवार के लोग पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे तो मृतक के शव के डी-फ्रीज में नहीं होने और शरीर के फूलने के कारण परिवार ने हंगामा कर दिया। परिवार के लोगों ने सीएमओ को शिकायत की। वहीं राजगढ़ पुलिस ने भिवानी पहुंच कर शव का पोस्टमार्टम करवाया।
30 जून को तबीयत बिगड़ने से हुई मौत
पुलिस के अनुसार दीपक को नशा करने की आदत थी। उसे परिवार ने ठीक करने के लिए राजगढ़ के फुलपुरा चौक स्थित नशा मुक्ति केंद्र से संपर्क किया। पिता सुरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि केंद्र के लोग 27 जून को उसे भिवानी से ले गए। लेकिन 29 को केंद्र से फोन आया कि उनके बेटे की तबीयत खराब है उसे ले जाए। परिवार के लोग उसी दिन उसे वापस घर ले गए। लेकिन तबीयत ज्यादा खराब होने पर उसकी 30 जून को मौत हो गई।
शरीर पर दिखे चोट के निशान
परिवार के लोगों ने उसके बाद शरीर को देखा तो उस पर चोट के निशान थे। उसी समय स्थानीय पुलिस को सूचित किया और हत्या का मामला दर्ज करवाया। स्थानीय पुलिस ने भी हत्या की जीरो एफआइआर दर्ज कर राजगढ़ पुलिस को सूचित किया। वीरवार रात को परिवार के लोग दीपक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए उसे मोर्चरी में रखवा कर चले गए। कर्मचारियों ने उसे उस समय डी-फ्रीज में रखने की बात कही।
शुक्रवार सुबह परिवार के लोग जब सिविल अस्पताल मोर्चरी में पहुंचें तो वहां शव को देखकर हैरान रह गए। शव बाहर कमरे में ही पड़ा था। डी-फ्रीज में नहीं रखे जाने के कारण वह थोड़ा फूल भी गया था। परिवार के लोगों ने उसी समय हंगामा कर दिया। हंगामा करते हुए वह सीधा सीएमओ के पास गए और शिकायत की। सीएमओ ने भी इस मामले में उचित कार्रवाई का आवासन दिया है।
राजगढ़ पुलिस ने शाम को करवाया पोस्टमार्टम
हत्या का मामला दर्ज होने के बाद राजगढ़ पुलिस भिवानी सिविल अस्पताल पहुंची। पोस्टमार्टम करवाने की कागजी कार्रवाई होने के बाद शाम को दीपक के शव का पोस्टमार्टम हुआ। वहीं पुलिस की तरफ से इस मामले की अब जांच शुरू की जाएगी।
आगे की कार्रवाई की जा रही है
हमारे पास परिजनों ने शिकायत की थी। शिकायत पर जीरो एफआइआर दर्ज कर राजगढ़ पुलिस को सूचित कर दिया था। उनकी तरफ से शव का पोस्टमार्टम करवा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
- धर्मबीर कुमार, थाना सिटी, भिवानी।