प्रयागराज के संगम क्षेत्र में बमबाजी और फायरिंग, छह लोग जख्मी, एक हमलावर बाइक समेत पकड़ा गया
बंधवा स्थित बड़े हनुमान मंदिर के सामने सोमवार रात करीब 830 बजे ताबड़तोड़ बमबाजी और फायरिंग की गई। इसमें छह लोग जख्मी हुए हैं। लोगों ने भाग रहे एक हमलावर को घेरकर बाइक समेत पकड़ लिया। उसे दारागंज थाने की पुलिस को सौंप दिया गया है।
प्रयागराज, जेएनएन। संगम तट के निकट बंधवा स्थित बड़े हनुमान मंदिर के सामने सोमवार रात करीब 8:30 बजे ताबड़तोड़ बमबाजी और फायरिंग की गई। इसमें छह लोग जख्मी हुए हैं। लोगों ने भाग रहे एक हमलावर को घेरकर बाइक समेत पकड़ लिया। उसे दारागंज थाने की पुलिस को सौंप दिया गया है। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय समेत कई अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फोरेंसिंक टीम को भी बुलाया गया। इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री निर्भय कुमार द्विवेदी ने खुद पर हमले का आरोप लगाते हुए चार लोगों को नामजद और छह अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जन्मदिन का लड्डू बांट रहा था पंडा तभी किया गया हमला
दारागंज के रहने वाले रितिक मिश्रा उर्फ ईशान रामघाट आरती समिति के पंडा हैं। सोमवार को उनका जन्मदिन था। रात को वह मोहल्ले के ही सार्थक शुक्ला के साथ बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। यहां से निकलकर करीब 50 मीटर दूर बैठे इवि के छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री निर्भय कुमार द्विवेदी के पास गए। लडडू बांटकर सभी आपस में बातचीत कर रहे थे तभी चार-पांच बाइक पर कई लोग आए जो नकाबपोश थे। उन लोगों ने अपशब्द कहते हुए एक के बाद एक 14-15 बम चलाए। फायरिंग भी की।
बमबाजी और फायरिंग से खलबली, भिक्षा मांगने वाले भी घायल
ताबड़तोड़ बमबाजी और फायरिंग से लोगों में अफरातफरी मच गई। इसी बीच हमलावर भागने लगे, जिस पर कुछ दूर पर मौजूद लोगों ने घेरकर एक को पकड़ लिया। बम के छर्रे लगने से सार्थक, ईशान, ऋतिक मिश्रा व भिक्षावृत्ति करने वाले ओम प्रकाश, मनीलाल, लल्ले घायल हो गए। कुछ देर में एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय, एसपी सिटी दिनेश सिंह समेत कई थानों की पुलिस और फोरेंसिंक टीम मौके पर पहुंची।
अधिकारियों ने घायल लोगों को बेली अस्पताल भिजवाया। पकड़े गए हमलावर को हिरासत में लिया। बाइक को ले जाया गया। करीब दो घंटे बाद निर्भय कुमार द्विवेदी ने दारागंज थाना पुलिस को तहरीर दी। इसमें कहा गया कि हमलावर उनकी हत्या करने आए थे। उनके मुताबिक तीनों युवकों के अलावा आठ से दस भिक्षावृत्ति करने वाले जख्मी हुए हैं। उन्होंने विशाल सिंह चंदेल, आशुतोष ठाकुर, कार्तिक शुक्ला, शास्वत त्रिवेदी व छह अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करवाया।