रोनाल्डो के 'चौके' की मदद से पुर्तगाल ने एंडोरा को 6-0 से धोया
फुटबॉलर क्रिश्चियानो रोनाल्डो के चार गोलों की बदौलत यूरोपियन चैंपियन पुर्तगाल ने वर्ल्ड कप क्वालिफायर में एंडोरा को 6-0 से मात दे दी।
एवेरियो (पुर्तगाल), रॉयटर्स। फुटबॉलर क्रिश्चियानो रोनाल्डो के चार गोलों की बदौलत यूरोपियन चैंपियन पुर्तगाल ने वर्ल्ड कप क्वालिफायर में एंडोरा को 6-0 से मात दे दी। इस मैच में रोनाल्डो का आलम यह था कि उन्होंने शुरुआती पांच मिनट में ही दो गोल दाग दिए थे।
दूसरी ओर एंडोरा की टीम को केवल 9 खिलाड़ियों के साथ मैच खेलना पड़ा। रोनाल्डो की यह अपने देश के लिए चौथी हैट-ट्रिक थी। उन्होंने पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय मैच में चार गोल किए हैं। इस मैच के बाद उनका अंतरराष्ट्रीय मैचों का आंकड़ा 134 मैचों में 65 गोल हो गया है।
इस मैच के बाद ग्रुप बी में पुर्तगाल की जीत का खाता खुल गया है। पिछले महीने पुर्तगाल को स्विट्जरलैंड से 2-0 से हार का सामना करना पड़ा था। तब रोनाल्डो चोट की वजह से बाहर थे। अब भी पुर्तगाल स्विट्जरलैंड से तीन अंक पीछे है।
मैच के 62वें मिनट में एंडोरा के जोर्डि रूबियो को मैदान से बाहर जाना पड़ा। इसके नौ मिनट बाद ही मार्क रेबेस को भी बाहर बैठना पड़ा। इन दोनों खिलाड़ियों को रोनाल्डो के साथ फाउल करने पर मैच से बाहर किया गया।
मैच के बाद रोनाल्डो ने कहा, 'हमें पता था कि पहला गोल काफी अहम होने जा रहा है। मैं भी सबकी तरह टीम के लिए अहम खिलाड़ी हूं। मैं चोट के बाद मैदान में वापसी से खुश हूं। अभी आठ मैच और बचे हैं और हम सारे आठ मैच जीतकर वर्ल्ड कप में जाना चाहते हैं।'
रोनाल्डो ने 73वें सेकंड और चौथे मिनट में पहले दो गोल किए। जाओ कैंसेलो ने 44वें मिनट में हेडर के जरिए टीम के लिए तीसरा गोल किया। रोनाल्डो ने हाफ-टाइम के दो मिनट बाद ही अपनी हैट-ट्रिक पूरी की। उन्होंने चौथा गोल 68वें मिनट में किया। इसके बाद आंद्रे सिल्वा ने पुर्तगाल की ओर से छठा गोल करके मैच का स्कोर 6-0 किया।