अर्जुन अवॉर्ड के लिए एन सिक्की रेड्डी और सुमित रेड्डी भी बने दावेदार
एन सिक्की रेड्डी और बी समिुत रेड्डी का नाम इस साल के अर्जुन पुरस्कारों के लिए भेजा गया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (BAI) ने युगल खिलाड़ी एन सिक्की रेड्डी और बी समिुत रेड्डी का नाम इस साल के अर्जुन पुरस्कारों के लिए भेजा है। इन दोनों खिलाड़ियों ने इस साल फरवरी में ही अपनी जोड़ी बनाई है।
ये दोनों खिलाड़ी पिछले कुछ समय से अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और राष्ट्रीय टीम में भी हैं। BAI के एक अधिकारी ने कहा है, 'हमने सिक्की और सुमित का नाम अर्जुन अवॉर्ड के लिए भेजा है। दोनों अच्छा खेल रहे हैं। उम्मीद है कि दोनों को यह पुरस्कार मिलेगा। हमारे खिलाड़ियों ने लगातार पुरस्कार जीते हैं। पिछले साल पीवी सिंधु को राजीव गांधी खेल रत्न दिया गया था।'
सिक्की पिछले कुछ सालों युगल प्रतिस्पर्धा में प्रणव जेरी चोपड़ा के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा खेल रहे हैं। उन्होंने इसी साल जनवरी में सैयद मोदी इंटरनेशनल ग्रैंड प्रिक्स में स्वर्ण पदक जीता।
सिक्की ने इस साल की शुरुआत में अश्विनी पोनप्पा के साथ जोड़ी बनाई और लखनऊ में महिला युगल मुकाबले में रजत पदक भी जीता। वहीं, सुमित और उनके जोड़ीदार मनु अत्री भारत के लिए ओलंपिक (रियो) के लिए क्वालीफाइ करने वाले पुरुष युगल खिलाड़ी बने।
सुमित ने पिछले साल मनु अत्री के साथ मिलकर कनाडा ओपन जीता था और अश्विनी के साथ मिलकर सैयद मोदी इंटरनेशनल ग्रैंड प्रिक्स की मिश्रित युगल प्रतिस्पर्धा में उपविजेता रहे थे।