सभी नौ पाक हॉकी खिलाड़ी स्वदेश रवाना
हॉकी इंडिया लीग (एचआइएल) में भाग लेने आए नौ पाकिस्तानी खिलाड़ी बुधवार को चुपचाप स्वदेश रवाना हो गए। इनमें से छह खिलाड़ी दिल्ली से, जबकि तीन खिलाड़ी जालंधर से वापस लौटे। दोनों देशों के बीच जारी जर्बदस्त तनातनी और विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए खिलाड़ियों को वापस लौटने को कहा गया था।
नई दिल्ली। हॉकी इंडिया लीग (एचआइएल) में भाग लेने आए नौ पाकिस्तानी खिलाड़ी बुधवार को चुपचाप स्वदेश रवाना हो गए। इनमें से छह खिलाड़ी दिल्ली से, जबकि तीन खिलाड़ी जालंधर से वापस लौटे। दोनों देशों के बीच जारी जर्बदस्त तनातनी और विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए खिलाड़ियों को वापस लौटने को कहा गया था।
हालांकि पाक खिलाड़ी भारत में हो रहे लीग में खेलने को इच्छुक थे और काफी समय से इस टूर्नामेंट में खेलने को लेकर उत्साहित थे लेकिन पिछले कुछ दिनों से हालात ऐसे बदले कि उन्हें बैरंग वापस लौटना पड़ा।
दिल्ली वेवराइडर्स और मुंबई मैजिशियंस के बीच मुकाबले से पहले इन दोनों टीमों से जुड़े खिलाड़ी दिल्ली से अपने-अपने शहरों के लिए रवाना हुए, जबकि जेपी पंजाब वॉरियर्स और रांची राइनोज के खिलाड़ी जालंधर से स्वदेश लौट गए। बुधवार शाम पाक के लिए रवाना होने से पूर्व मुंबई मैजिशियंस के पाक खिलाड़ी इमरान बट ने कहा, 'खेल को राजनीति से दूर किया जाना चाहिए। लोगों को इसे मिक्स नहीं किया जाना चाहिए। हम पूरी तरह से आश्वस्त और आशान्वित हैं कि हम जल्द ही वापस लौटेंगे और भविष्य में भारत में खेलने का मौका मिलेगा।' इमरान के अलावा महमूद रशीद, मुहम्मद तौसीक मुहम्मद रीजवान सीनियर, मुहम्मद रीजवान जूनियर, काशिफ शाह, मुहम्मद इरफान और शफाकत रसूल भी अपने देश लौटेंगे। भारत-पाक के बीच सीमा पर तनाव तथा पाकिस्तानी सेना द्वारा दो भारतीय सैनिकों की हत्या के बाद शिवसेना और कुछ अन्य संगठनों के विरोध के कारण हॉकी इंडिया ने इन खिलाड़ियों को वापस भेजने का फैसला किया था।
इस बीच खबर आ रही है कि पाक के दो पूर्व क्रिकेटरों व कमेंटेटरों वसीम अकरम और रमीज रजा को भी वापस स्वदेश भेजा जा सकता है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर