6.35 मीटर की लंबी छलांग लगाकर म्यूखा ने जीता स्वर्ण
भारतीय एथलीट म्यूखा जॉनी ने एशियन इंडोर एथलेटिक्स की लंबी कूद स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। जबकि धाविका दुती चंद को 60 मीटर दौड़ में कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
दोहा। भारतीय एथलीट म्यूखा जॉनी ने एशियन इंडोर एथलेटिक्स की लंबी कूद स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। जबकि धाविका दुती चंद को 60 मीटर दौड़ में कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
म्यूखा ने शुरू से ही दबदबा बनाते हुए 6.35 मीटर की छलांग लगाकर पहला स्थान हासिल किया। वियतनाम की बुई थी थाओ ने 6.30 मीटर के साथ रजत पदक जीता। कांस्य कजाखिस्तान की ओलगा रिपाकोवा ने जीता। जिन्होंने 6.22 मीटर की छलांग लगाई।
एक अन्य भारतीय एमए प्रजूशा 6.15 मीटर के साथ पांचवें स्थान पर रहीं।
इस बीच दुती को महिला 60 मीटर फर्राटा दौड़ में कांस्य मिला। फाइनल में भारतीय धाविका ने 7.37 सेकेंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया। इससे पहले दुती ने शुक्रवार को 7.28 सेकेंड के साथ नेशनल रिकॉर्ड बनाकर स्पर्धा की हीट जीती थी।
कजाखिस्तान की विक्टोरिया ज्याबकिना ने धीमी शुरुआत के बावूजद 7.27 सेकेंड के साथ स्वर्ण पदक जीता। दूसरे स्थान पर चीन की यूआन किकि (7.33) रहीं।
भारत को तीसरा पदक महिला 1500 मीटर दौड़ में मिला। सुगंधा कुमारी ने इस स्पर्धा में कांस्य जीता। शॉट पुट में मनप्रीत कौर 15.21 मीटर के साथ छठे स्थान पर रहीं। पेंटाथलॉन में सपना बरमन तीन इवेंट्स के बाद 3285 अंक के साथ दूसरे स्थान पर थीं।
पहला इवेंट 60 मीटर हर्डल का रहा जिसमें उन्होंने 8.85 सेकेंड के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। शॉट पुट में 11.38 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। इसके बाद लंबी कूद में उन्होंने 5.74 मीटर की छलांग लगाई। पुरुष वर्ग के ऊंची कूद में तेजस्विन शंकर का प्रदर्शन निराशाजनक रहा।