Move to Jagran APP

भारतीय फुटबॉल टीम ने मैत्री मैच में कंबोडिया को हराया

भारतीय टीम के लिए सुनील छेत्री (35वें मिनट), जेजे लालपेखलुआ (49वें मिनट) और संदेश झिंगन (52वें मिनट) ने एक-एक गोल किया।

By ShivamEdited By: Published: Wed, 22 Mar 2017 10:03 PM (IST)Updated: Wed, 22 Mar 2017 11:14 PM (IST)
भारतीय फुटबॉल टीम ने मैत्री मैच में कंबोडिया को हराया
भारतीय फुटबॉल टीम ने मैत्री मैच में कंबोडिया को हराया

नोम पेन्ह (कंबोडिया)। भारतीय फुटबॉल टीम ने बुधवार को अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच में कंबोडिया को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 3-2 से पराजित कर दिया। इसके साथ ही भारतीय टीम ने 12 साल से विदेशी सरजमीं पर जीत दर्ज न करने का सिलसिला भी खत्म कर दिया। टीम के लिए सुनील छेत्री (35वें मिनट), जेजे लालपेखलुआ (49वें मिनट) और संदेश झिंगन (52वें मिनट) ने एक-एक गोल किया। कंबोडिया की ओर से खुओन लाब्रोवी (36वें मिनट) और चान वाटनाका (62वें मिनट) ने एक-एक गोल किया।

loksabha election banner

इस साल अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रही 132वें नंबर की भारतीय टीम को कंबोडिया की टीम ने कड़ी टक्कर दी। कंबोडिया फीफा रैंकिंग में भारत से 41 स्थान नीचे है। भारत ने पिछली बार घर के बाहर 2005 में पाकिस्तान को उसी के घर में पटखनी दी थी। भारत ने कप्तान षणमुगम वेंकटेश के एकमात्र गोल से यह जीत दर्ज की थी।

इस जीत से भारतीय टीम का मनोबल बढ़ेगा, जिसे 28 मार्च को म्यांमार के खिलाफ एएफसी एशियन कप क्वालीफायर का मुकाबला खेलना है। भारत ने पिछले साल सितंबर में प्यूर्टो रिको के खिलाफ मैत्री मैच खेला था, जिसमें 4-1 से जीत दर्ज की थी।

मैच की शुरुआत धीमी रही। भारत की ओर से स्टार खिलाड़ी छेत्री ने 35वें मिनट में गोल कर टीम का खाता खोलकर उसे 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि उसकी यह बढ़त कुछ सेकेंड ही रही और 36 मिनट में लाब्रोवी ने गेंद को जाल में अटका कर कंबोडिया को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने आक्रामण खेल का मुजाहिरा पेश करते हुए तीन मिनट में दो गोल दागकर मजबूत बढ़त हासिल कर ली। जेजे ने 49वें और संदेश ने 52वें मिनट में गोलकर भारत को 3-1 से आगे कर दिया। मेजबान टीम की ओर से चान ने 62वें मिनट में गोल दाग कर स्कोर 2-3 कर दिया। इसके बाद कंबोडिया ने हमले तेज कर मैच में वापस आने की भरपूर कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। भारत ने भी इसके बाद गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन 3-2 के स्कोर पर ही मैच समाप्त हुआ।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.