भारत की रैंकिंग सुधरी, ब्राजील का सबसे खराब स्तर
नेहरू कप में खिताबी हैट्रिक लगाने वाली भारतीय फुटबॉल टीम फीफा के विश्व वरीयता क्रम में एक स्थान के फायदे के साथ 16
ज्युरिख। नेहरू कप में खिताबी हैट्रिक लगाने वाली भारतीय फुटबॉल टीम फीफा के विश्व वरीयता क्रम में एक स्थान के फायदे के साथ 168वें पायदान पर पहुंच गई है। जबकि पांच बार का विश्व चैंपियन ब्राजील फुटबाल की सर्वोच्च नियामक संस्था फीफा द्वारा जारी नई विश्व वरीयता क्रम में 14वें स्थान पर खिसक गया। पहले स्थान पर विश्व चैंपियन स्पेन बना हुआ है।
भारतीय टीम बीते महीने 169वें क्रम पर खिसक गई थी। हालांकि इस टीम ने गुरुवार को जारी वरीयता क्रम में 114 अंकों के साथ सुधार किया है। भारत को 16 अक्टूबर को सिंगापुर के साथ दोस्ताना मुकाबला खेलना है। सिंगापुर वरीयता क्रम में 162वें स्थान पर है। नए कोच विम कोवेमैंस की देखरेख में भारतीय टीम ने बीते महीने कैमरून की दूसरे दर्जे की टीम को हराकर तीसरी बार नेहरू कप खिताब जीता था। नेहरू कप में भाग लेने वाली अफगानिस्तान की टीम भारत से दो स्थान ऊपर 166वें स्थान पर है। जबकि दो अन्य पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश 169वें व पाकिस्तान 177वें पायदान पर बने हुए हैं।
रिकॉर्ड पांच बार का विश्व चैंपियन ब्राजील को इस नई रैंकिंग में दो पायदान का नुकसान उठाना पड़ा है और वरीयता क्रम में वह 14वें स्थान पर खिसक गया। वर्ष 1993 में रैंकिंग प्रणाली के शुरू होने के बाद से यह ब्राजील का सबसे निचला स्तर है। पुर्तगाल की टीम तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। यह पुर्तगाली टीम की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग भी है। वहीं विश्व चैंपियन स्पेन पहले तथा जर्मनी दूसरे क्रम पर विराजमान है।
दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया की टीम एक दशक के बाद टाप-टेन में लौट आई है। वह चिली और उरुग्वे के खिलाफ विश्व कप क्वालीफाइंग मैच में जीत के बाद नौवें स्थान पर पहुंची है। कोलंबिया को रैकिंग में सात स्थान का फायदा हुआ है। अर्जेटीना सर्वोच्च वरीयता प्राप्त दक्षिण अमेरिकी टीम बनी हुई है। विश्व वरीयता में उसका स्थान चौथा है जबकि इंग्लैंड पांचवें क्रम पर है। वर्ष 2010 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित फीफा विश्व कप का फाइनल खेलने वाली नीदरलैंड्स की टीम छठे स्थान पर है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर