Move to Jagran APP

35वें राष्ट्रीय खेल: दुती चंद ने बनाया मीट रिकॉर्ड

विवादास्पद धाविका दुती चंद ने मंगलवार को 35वें राष्ट्रीय खेलों की एथलेक्टिस स्पर्धा के क्वालीफाइंग दौर में नया कीर्तिमान बनाते हुए ट्रैक पर दमदार वापसी की। ओडिशा की इस धाविका ने महिलाओं की 100 मीटर हीट 11.83 सेकेंड में पूरी कर 2011 में एचएम ज्योति (11.83 सेकेंड) द्वारा बनाए गए

By ShivamEdited By: Published: Wed, 11 Feb 2015 02:07 PM (IST)Updated: Wed, 11 Feb 2015 02:17 PM (IST)
35वें राष्ट्रीय खेल: दुती चंद ने बनाया मीट रिकॉर्ड

तिरुअनंतपुरम। विवादास्पद धाविका दुती चंद ने मंगलवार को 35वें राष्ट्रीय खेलों की एथलेक्टिस स्पर्धा के क्वालीफाइंग दौर में नया कीर्तिमान बनाते हुए ट्रैक पर दमदार वापसी की। ओडिशा की इस धाविका ने महिलाओं की 100 मीटर हीट 11.83 सेकेंड में पूरी कर 2011 में एचएम ज्योति (11.83 सेकेंड) द्वारा बनाए गए मीट रिकॉर्ड को सुधारा। इसके साथ ही उन्होंने फाइनल में भी जगह बना ली। 19 वर्षीय इस एथलीट के लिंग परीक्षण में नाकाम रहने के बाद पिछले साल उन पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। इसके खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ने के बाद दुती ने पहली बार ट्रैक पर वापसी की।

prime article banner

एक अन्य मीट रिकॉर्ड पुरुषों के लांग जंप में टूटा। अंकित शर्मा ने 8.04 मीटर की छलांग लगाकर न सिर्फ पीला तमगा जीता, बल्कि 1994 में केरल के श्याम कुमार (7.79 मी) का रिकॉर्ड भी तोड़ा। तमिलनाडु के प्रेमकुमार ने रजत और कर्नाटक के शमशेर ने कांस्य पदक जीता। महिलाओं की 1500 मीटर दौड़ में उत्तर प्रदेश की मोनिका चौधरी ने केरल की सिनी मारकोसे को पछाड़कर पीला तमगा जीता। हरियाणा की सुषमा देवी के खाते में कांसा आया। महिलाओं के हैमर थ्रो का सोना ओडिशा की सरिता सिंह ने 56.47 मीटर की दूरी नापकर जीता। रजत पंजाब की केएम रचना ने, जबकि कांसा उत्तर प्रदेश की रितु धीमान ने जीता। पुरुषों की शॉटपुट स्पर्धा में स्वर्ण पदक के प्रबल दावेदार हरियाणा के ओमप्रकाश आश्चर्यजनक ढंग से तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें कांसे से ही संतोष करना पड़ा। सोना हरियाणा के लिए इंद्रजीत सिंह ने, जबकि रजत उत्तर प्रदेश के सत्येंद्र कुमार ने जीता।

ट्रायथलॉन की मिस्क्ड टीम स्पर्धा का स्वर्ण मणिपुर ने, जबकि गुजरात और महाराष्ट्र के खाते में क्रमश: रजत और कांसा आया। बैडमिंटन में पुरुषों की टीम स्पर्धा का स्वर्ण केरल ने हरियाणा को हराकर, जबकि महिलाओं का स्वर्ण तेलंगाना ने केरल को हराकर जीता।

- महिला हॉकी का खिताबी मुकाबला हरियाणा-पंजाब मेंः

राष्ट्रीय खेलों की महिला हॉकी का खिताबी मुकाबला पंजाब और हरियाणा के बीच खेला जाएगा। मंगलवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में पंजाब ने ओडिशा को 3-0 से और हरियाणा ने झारखंड को सडनडेथ में पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। पुरुषों का फाइनल एसएससीबी और ओडिशा के बीच खेला जाएगा। एसएसीबी ने पहले सेमीफाइनल में झारखंड को एकतरफा मुकाबले में 5-1 से धोया। वहीं, ओडिशा ने सडनडेथ में हरियाणा को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।

- साइकिलिंग में केरल का वर्चस्व:

साइकिलिंग में महिलाओं की दस किलोमीटर स्क्रैच रेस एलीट के तीन पदकों केरल ने जीते। पुरुषों की 15 किमी स्क्रैच रेस एसएससीबी के सतबीर सिंह ने जीती। तमिलनाडु के सी राजेश दूसरे और हरियाणा के पंकज तीसरे स्थान पर रहे।

- एसएससीबी शीर्ष पर कायमः

खेलों के दसवें दिन भी सर्विसेज स्पो‌र्ट्स कंट्रोल बोर्ड (एसएससीबी) ने पदक तालिका में अपनी बादशाहत बरकरार रखी है। सेना के खिलाड़ी 55 स्वर्ण, 16 रजत और 19 कांस्य सहित कुल 90 पदक जीतकर शीर्ष पर हैं। हरियाणा 28 स्वर्ण, 20 रजत और 11 कांस्य सहित कुल 59 पदक जीतकर दूसरे स्थान पर आ गया है। महाराष्ट्र ने पदकों का शतक पूरा कर लिया, लेकिन हरियाणा से एक पीला तमगा कम होने से वह तीसरे स्थान पर खिसक गया। उसके 27 स्वर्ण, 40 रजत और 33 कांस्य सहित कुल 100 पदक हैं। पंजाब 15 स्वर्ण, 23 रजत और 19 कांस्य सहित 57 पदकों के साथ छठे, उत्तर प्रदेश चार स्वर्ण, 24 रजत और 22 कांस्य सहित 50 पदकों के साथ 16वें और दिल्ली चार स्वर्ण आठ रजत और 20 कांस्य सहित कुल 32 पदक लेकर 17वें स्थान पर है।

खेल जगत की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें

क्रिकेट से जुड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.