Prayagraj Nagar Nigam सीमा में शामिल 97 गांवों में 400 कर्मचारी सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखेंगे
प्रयागराज नगर निगम के शहरी सीमा का विस्तार होने के बाद फाफामऊ झूसी नैनी और झलवा क्षेत्र की 2.25 लाख से अधिक आबादी शहरी सीमा में शामिल हुई है। यहां के लोगों को सफाई की समस्या से न परेशान होना पड़े इसके लिए तैयारी की जा रही है।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। प्रयागराज में निकाय चुनाव के पहले शहरी क्षेत्र में शामिल हुए 97 ग्रामसभाओं के कायाकल्प की तैयारी नगर निगम ने तेज कर दी है। बिजली, पानी, सड़क के साथ इन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए खास कार्ययोजना बनाई जा रही है। विस्तारित क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 400 सफाई कर्मचारियों को लगाया जाएगा।
नैनी, झूंसी, फाफामऊ व झलवा की 2.25 लाख आबादी शहरी सीमा में शामिल : शहरी सीमा का विस्तार होने के बाद फाफामऊ, झूसी, नैनी और झलवा क्षेत्र की 2.25 लाख से अधिक आबादी शहरी सीमा में शामिल हुई है। यहां के लोगों को सफाई की समस्या से न परेशान होना पड़े, इसके लिए तैयारी शुरू की गई है। गंगा और यमुनापार के विस्तारित वार्डों के लिए नई एजेंसी का भी चयन किया जाएगा। अभी तक 80 वार्डों में सफाई के लिए दो एजेंसियों का चयन किया गया है।
क्या कहते हैं नगर निगम के चीफ इंजीनियर : नगर निगम के चीफ इंजीनियर सतीश कुमार ने बताया कि अगले महीने से विस्तारित क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था ठीक करने के लिए कर्मचारियों की चयन शुरू किया जाएगा। कुछ कर्मचारियों को अभी सफाई के लिए लगाया गया है।
वार्डों की संख्या 100 हुई : नगर निगम की ओर से शहरी सीमा का विस्तार होने से वार्डों की संख्या बढ़ गई है। पहले नगर निगम में 80 वार्ड थे। सीमा का विस्तार होने से 100 वार्ड हो गई है। फाफामऊ, नैनी, झूंसी, झलवा क्षेत्र में सीमा का विस्तार हुआ है।
स्ट्रीट लाइट के लिए 15 करोड़ का बजट : शहरी सीमा में शामिल ग्रामसभाओं में बिजली,पानी और सड़क के लिए कार्य योजना बनाई जाने लगी है। विस्तारित क्षेत्रों के लिए 15 करोड़ रुपये का बजट स्ट्रीट लाइट के लिए पास किया गया है। कुछ स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का सर्वे भी किया जा चुका है। कुछ स्थानों पर इसे लगाया जा चुका है।