एक अनोखी प्रेम कहानी: झारखंड के शख्स ने 24 दिन में 600 किलोमीटर साइकिल चला कर खोजा प्यार
भले ही वेलेंटाइन डे गुजर गया हो और नया दिन शुरू हो गया पर झारखंड की ये अजब प्रेमकहानी हमेशा के लिए लोगों के जहन में दर्ज हो गई है।
खोई पत्नी
वैलेंटाइन डे पर झारखंड का एक युवक मनोहर नायक काफी चर्चा में रहा। हो भी क्यों न आखिर उसने अपने प्यार को पाने के लिए 24 दिन में 600 किलोमीटर की साइकिल जो चलाई है। दरसल झारखंड के मुसाबनी निवासी मनोहर उड़ीसा में मजदूरी करते हैं। बीते माह उनकी पत्नी अनीता मकर संक्रांति के दिन अपने मायके जाने के लिए निकली थी, पर वह न मायके पहुंची और न वापस घर आई। मनोहर पत्नी को लेकर काफी परेशान हो गया। उसने सभी रिश्तेदारियों में पत्नी को तलाश करने के बाद पुलिस को भी सूचना दी थी।
टूटी साइकिल ठीक करा शुरू की तलाश
इसके बावजूद मनोहर इस मामले में पुलिस के ही सहारे नहीं बैठा। उसने खुद से पत्नी की अनीता को ढूंढने का निश्चय किया। इसके बाद उसने अपनी पुरानी टूटी साइकिल को ठीक कराया और पत्नी की तलाश में गांव-गांव घूमने लगा। इस दौरान उसने करीब 50 से 55 गांवों की यात्रा की। हर जगह पागलों की तरह पत्नी अनीता की फोटो दिखाता और लोगों से उसके बारे में पूछता।
खबर मिलने पर निकल पड़े आंसू
इस बीच उसने स्थानीय अखबारों में भी इसकी सूचना और फोटो दी। ऐसे में कुछ लोगों ने कोलकाता के खड़गपुर में इसकी पत्नी को देखा तो पुलिस को सूचना दी। खड़गपुर पुलिस ने मुसाबनी पुलिस को इसकी सूचना देने के साथ अनीता की फोटो भेजी। इसके बाद मुसाबनी पुलिस ने मनोहर को बुलाकर वह फोटो दिखाई तो वह पत्नी को पहचान गया और देखते ही रोने लगा।
पूरी हुई तलाश
इसके बाद पुलिस ने मनोहर को कहा कि वह बिना देर किए 10 फरवरी को जमशेदपुर पहुंच जाएं। मनोहर गया और पत्नी अनीता के साथ 11 फरवरी को अपने घर लौट आया है। सूत्रों की मानें तो अनीता दिमागी रूप से थोड़ी विक्षिप्त है लेकिन मनोहर उसे बहुत प्यार करता है। उसके लापता होने पर उसने खाना-पीना तक छोड़ दिया था। अब वो बेहद खुश हैं और भले ही उन्हें इसका मतलब नहीं पता हो पर उनका हर दिन वैलेंटाइन डे है।