70 साल की महिला जन्म देने जा रही है अपनी आठवीं संतान को
मैक्सिको के सिनालोआ के पास एक इलाके मेज़त्लान की रहने वाली 70 साल की महिला ने दावा किया है कि वो छह माह की गर्भवती है।
साझा की सोनोग्राफी
डेलीमेल और मिरर जैसी साइटों की मानें तो मैक्सिको की रहने वाली 70 साल एक महिला ने दावा किया है कि वो 6 महीने की गर्भवती हैं। इस महिला का नाम मारिया डी लालूस है और वे मैक्सिको के सिनालोआ क्षेत्र में रहती हैं। मारिया ने अपने दावे की सच्चाई साबित करने के लिए अपनी सोनोग्राफी की रिपोर्ट्स भी मीडिया के साथ साझा की हैं। खास बात ये है कि मारिया पहले से ही सात बच्चों की मां हैं। उनके इस उम्र में मां बनने की खबर और इन रिपोर्ट्स देख डॉक्टर्स हैरान हैं।
कई जांच के बाद हुआ साबित
मारिया ने बताया कि वे पैरों में दर्द और बार-बार उल्टियों से परेशान हो गईं। उन्हें लगा की ये तो गर्भ धारण करने के चिन्ह हैं। इसके बाद उन्होंने अपनी जांच करवायी और संतुष्ट ना होने के चलते बार बार चेकअप करवाया। उनके अनुसार वे अब तक 10 बार अलग-अलग जगह सोनोग्राफी करावा चुकी हैं और आखिरकार ये मान चुकी हैं कि वे वाकई गर्भवती हैं। रिर्पोटस के अनुसार उनकी ये आठवीं संतान एक बेटी है। हालाकि डॉक्टर्स भी आश्वस्त हैं कि मारिया गर्भवती हैं पर फिर भी वे ये चमत्कार देख कर हैरान हैं। उनका कहना है कि ये अपने आप में बेहद रेयर केस है और शायद एक कीर्तिमान भी।
भारतीय महिला के साथ साझा करेंगी कीर्तिमान
वैसे ऐसा पहली बार नहीं हो रहा जब किसी ने इतनी उम्र में बच्चे को जन्म दिया हो। इसीलिए अगर मारिया बच्ची को जन्म देती हैं तो वे दुनिया में सबसे ज्यादा उम्र में मां बनने वाली दूसरी महिला कहलायेंगी। इससे पहले इस कीर्तिमान की अकेली हकदार भारत में पंजाब की दलजिंदर कौन मानी जाती रही हैं जिन्होंने 2016 में 70 साल की ही उम्र में एक बच्चे को जन्म दिया था। वैसे जहां दलजिंदर आईवीएफ तकनीक से प्रेग्नेंट हुई थीं, वहीं मारिया के मामले में स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने कोई कृत्रिम गर्भधान का तरीका आजमाया है या नहीं। हालाकि वे खुद ऐसे किसी तरीके के इस्तेमाल से इंकार करती हैं। चिकित्सकों के अनुसार उनकी डिलीवरी कठिन है और सिजेरियन तकनीक से ही संभव है।