कुलदीप सेंगर केस: उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के केस दिल्ली ट्रांसफर करवाने को DWC ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की याचिका
कुछ दिनों पहले कुलदीप सिंह सेंगर मामले ( Kuldeep Singh Sengar Case) में उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। इसको लेकर पीड़िता ने दिल्ली महिला आयोग से मदद की गुहार लगाई थी।
नई दिल्ली, जागरण डिजिटल डेस्क। उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता (Unnao Molestation Victim) के सारे केस दिल्ली ट्रांसफर करवाने के लिए दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष ने सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) में याचिका दाखिल की है। उन्होंने इसके लिए दोनो वकीलों की मदद ली है। स्वाती मालीवाल (Swati maliwal) ने उम्मीद जताई है कि पीड़िता को जल्द ही न्याय मिलेगा।
गौरतलब हो कि कुछ दिनों पहले कुलदीप सिंह सेंगर मामले ( Kuldeep Singh Sengar Case) में उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। इसको लेकर पीड़िता ने दिल्ली महिला आयोग से मदद की गुहार लगाई थी। वहीं दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष ने सहायता करने का आश्वासन दिया था।
उन्नाव की दुष्कर्म पीड़िता के ख़िलाफ़ UP कोर्ट से ग़ैर ज़मानती वारंट जारी हुए है। दिल्ली महिला आयोग ने वकील @vrindagrover जी और @siddhant_buxy की मदद ली जिन्होंने लड़की के सभी केस दिल्ली ट्रान्सफर करवाने की अर्ज़ी सुप्रीम कोर्ट में डलवाई है। आशा है जल्द से जल्द उसको न्याय मिलेगा। — Swati Maliwal (@SwatiJaiHind) August 13, 2022
सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की याचिका
शनिवार को स्वाति मालीवाल ने दो वकील व्रिंदा ग्रोवर और सिद्धांत बक्शी की मदद से सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दाखिल की। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि, उन्नाव की दुष्कर्म पीड़िता के खिलाफ UP कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। पीड़िता के सारे केस दिल्ली ट्रांसफर कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
यूपी कोर्ट से जारी किया गया था गैर जमानती वारंट
बता दें कि, कुछ दिनों पहले यूपी की एक कोर्ट से दुष्कर्म पीड़िता के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। आरोप था कि युवती ने फर्जी टीसी की मदद से अपनी गलत उम्र का हवाला दिया था। इस पर पीड़िता ने एक वीडियो जारी कर मदद की गुहार लगाई थी।
उस वक्त स्वाती मालीवाल ने ट्वीट कर कहा था कि, उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता के खिलाफ अब एक आरोपी ने ही यूपी से एक अरेस्ट वारंट जारी करवा दिया है। कुलदीप सेंगर पहले से ही मामले में दोषी करार है। हम चाहते हैं कि ये मामला दिल्ली के कोर्ट में ट्रांसफर हो, लड़की उन्नाव में सुरक्षित नहीं है। कोर्ट जा रहे हैं, लड़की को हर संभव मदद करेंगे।