Gurugram News: भाजपा विधायक संजय सिंह के पीए के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज
Gurugram News भाजपा विधायक संजय सिंह की कार्यशैली को लेकर सवाल उठाने पर उनके पीए ने फोन कर शख्स को जान से मारने की धमकी दी थी। शिकायत पर गुरुग्राम पुलिस ने भाजपा विधायक के पीए के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गुरुग्राम, [आदित्यराज]। गुरुग्राम में भाजपा विधायक संजय सिंह (BJP MLA Sanjay Singh) के पीए देवेंद्र उर्फ देवीलाल के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। अतिरिक्त जिला उपायुक्त कार्यालय में लोकपाल के पद पर कार्यरत डा. भगवान सिंह ने मामला दर्ज कराया है।
शिकायत है कि उन्होंने विधायक की कार्यशैली को लेकर एक वाट्सएप ग्रुप में टिप्पणी की थी। इसी पर विधायक के पीए ने उन्हें फोन करके गोली मारने की धमकी दी थी।
उल्लेखनीय है कि डा. भगवान सिंह ने टिप्पणी की थी कि विधायक जी अगर सही से काम नहीं करेंगे तो जनता 2024 में उन्हें घर बैठा देगी। विधायक की कार्यशैली सही नहीं है। इसी बात को लेकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी।
डा. भगवान सिंह का कहना है कि यदि नेता बढ़िया करते हैं तो जनता उनकी प्रशंसा करती है। काम सही से नहीं करने पर आलोचना भी होगी।
अवैध रूप से बनाई जा रही बंजारा मार्केट, नोटिस जारी
उधर, गुरुग्राम के सेक्टर-65 स्थित एम्मार एमरल्ड हिल्स टाउनशिप के साथ सटी कृषि भूमि पर अवैध रूप से बंजारा मार्केट बसाई जा रही है। इसे लेकर नगर निगम ने नोटिस जारी किया है।
इस संबंध में एमरल्ड हिल्स टाउनशिप की ओनर्स एसोसिएशन के प्रधान मनु गुप्ता ने बताया कि बुधवार को निवासियों ने नगर निगम गुरुग्राम के संयुक्त आयुक्त सुमित कुमार से मुलाकात की थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत प्रभाव से जमीन मालिक को कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिन में जवाब देने के लिए कहा है।