आंध्र प्रदेश में YSRCP की नेता डी रेवती ने टोल प्लाजा के कर्मचारी को थप्पड़ मारा
आंध्र प्रदेश के गुंटूर के काजा टोल पर एक टोल प्लाजा के कर्मचारी को वाइएसआइसीपी की नेता डी रेवती ने थप्पड़ मार दिया। समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार उन्होंने टोल टैक्स देने से मना करने पर टोल प्लाजा के कर्मचारी ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया।
गुंटूर, एएनआइ। आंध्र प्रदेश के गुंटूर के काजा टोल पर एक टोल प्लाजा के कर्मचारी को वाइएसआइसीपी की नेता डी रेवती ने थप्पड़ मार दिया। समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार उन्हें टोल प्लाजा के कर्मचारी ने रोका और टोल टैक्स देने को कहा। उन्होंने टैक्स देने से मना कर दिया। इस पर उनके और कर्मचारी के बीच बहस होने लगी। रेवती गुस्से से इतना बौखला गईं कि उन्होंने टोल प्लाजा पर लगे बैरिकेड्स हटा दिए और कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। समाचार एजेंसी एएनआइ ने इस एक वीडियो भी ट्वीट किया है। यह खबर अभी शुरुआती जानकारी के आधार पर बनाई गई है।
वीडियो में, डी रेवती गुंटूर जिले के टोल प्लाजा पर अपनी गाड़ी के सामने लगाए गए बैरिकेड को हटाते हुए दिखाई दे रही हैं। टोल प्लाजा के अधिकारी उनसे ऐसा नहीं करने का अनुरोध कर रहे हैं। वाइएसआरसीपी की नेता की काले रंग की स्कॉर्पियो का सायरन भी सुनाई दे रहा है। बैरिकेड हटाने से रोकने पर रेवती एक टोल बूथ अधिकारी का कॉलर पकड़कर उसे थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रही हैं। इस घटना पर अभी तक रेवती या उनकी पार्टी की कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
#WATCH| YSRCP leader D Revathi slaps a toll plaza staff at Kaja Toll in Guntur district after she was stopped when she allegedly refused to pay toll tax #AndhraPradesh pic.twitter.com/NaHAzO6VDm
— ANI (@ANI) December 10, 2020
पहले भी हुई ऐसी घटना
देश में टोल प्लाजा कर्मचारी पर यह इस तरह का पहला हमला नहीं है। जुलाई में, उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर में नेशनल एक्सप्रेसवे पर टोल टैक्स का भुगतान करने के लिए कहे जाने से नाराज आधा दर्जन से अधिक लोगों ने टोल प्लाजा के एक कर्मचारी की कथित रूप से पिटाई की थी। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने एक टोल प्लाजा के कर्मचारी को सड़क पर घसीटकर उसकी पिटाई की थी।