अमेरिकी राष्ट्रपति को कौन दिलाता है शपथ और कब से शुरू हुई इस दौरान बाइबल रखने की प्रथा
जो बाइडन को देश के सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस 46वें राष्ट्रपति के तौर पर पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इसी दौरान कमला हैरिस भी शपथ लेंगी। वह इस पद पर पहुंचने वाली पहली महिला के साथ साथ भारतीय मूल की भी पहली महिला हैं।
नई दिल्ली (ऑनलाइन डेस्क)। जो बाइडन के अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ग्रहण करने का समय आ गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति को देश के मुख्य न्यायधीश शपथ दिलाते हैं। इस दौरान अपने हाथों में बाइबल रखने की प्रथा देश की प्रथम महिला लेडी बर्ड जॉनसन से शुरू हुई थी। उन्होंने जॉनसन के शपथ लेते समय बाइबल हाथ में उठाई थी। इसके बाद से ही ये परंपरा शुरू हो गई। डोनाल्ड ट्रंप के शपथ लेते समय इस भूमिका में मिलेनिया ट्रंप दिखाई दी थीं। हालांकि इसको कोई भी कानूनी मान्यता नहीं मिली हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति को देश के सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस शपथ दिलवाते हैं। इस दौरान वो शपथ लेने वाले व्यक्ति से एक हाथ उठाने को कहते हैं और शपथ दिलवाते हैं। शपथ के अंत में कहा जाता है कि भगवान इस जिम्मेदारी को निभाने में उनकी मदद करे।
आपको यहां अमेरिकी राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह से जुड़े कुछ दिलचस्प पहलुओं के बारे में भी यहां पर बताना जरूरी हो जाता है। यूं तो अमेरिकी संविधान में राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह की तिथी स्पष्ट की गई है लेकिन इसके बाद भी कई बार अलग-अलग तारीखों पर ये समारोह आयोजित किया जाता रहा है। जैसे- 1937 से पूर्व तक ये शपथ ग्रहण समारोह 5 मार्च को आयोजित किया जाता था। वहीं जॉर्ज वाशिंगटन ने 30 अप्रैल 1789 को इस पद की शपथ ली थी। वहीं दूसरी बार जब वे राष्ट्रपति बने तो उन्होंने 4 मार्च 1793 को पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। जेम्स मोनरो ने भी 5 मार्च को ही शपथ ग्रहण की थी। संविधान के 20वें संशोधन के बाद राष्ट्रपति के शपथ लेने की तारीख को 20 जनवरी तय कर दिया गया था। इसके तहत सबसे पहले 1937 में फ्रेंकलीन रूजवेल्ट ने शपथ ली थी।
आपको बता दें कि अमेरिका में राष्ट्रपति का पद किसी भी सूरत में खाली होने पर अन्य कई देशों की तरह मध्यावधि चुनाव नहीं करवाया जाता है। यहां पर ये पद रिक्त होते ही सत्ता की बागडोर उपराष्ट्रपति के हाथों में आ जाती है और वो देश के नए राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेते हैं। जहां तक शपथ ग्रहण के बाद सबसे लंबी स्पीच देने की बात है ये कारनामा विलियम हैनरी हैरीसन के नाम है। उन्होंने करीब पौने दो घंटे की स्पीच दी थी जबकि सबसे छोटी स्पीच देने का श्रेय जॉर्ज वाशिंगटन को जाता है।
आज शपथ ग्रहण समारोह के बाद जो बाइडन के आधिकारिक निवास का भी पता बदल कर व्हाइट हाउस हो जाएगा। ये दुनिया की महाशक्ति के प्रमुख का निवास है। इस विशाल इमारत का भी अपना एक दिलचस्प इतिहास रहा है। बाइडन ने तीन बार राष्ट्रपति बनने की कोशिश की जिसमें से दो बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
यह भी देखें: Donald Trump ने Joe Biden को दी शुभकामनाएं, कैपिटल हिल हमले की निंदा, आज शपथ लेंगे नए राष्ट्रपति