Weather Update: आंधी तूफान के साथ होगी भारी बारिश, IMD की इन राज्यों के लिए चेतावनी जारी
Thunderstorm Rain देशभर के ज्यादातर राज्यों में भारी बारिश के आसार हैं। गर्मी से देशभर का बुरा हाल था जहां शनिवार से मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आने लगा है। पढ़ें आगे का मौसम...
नई दिल्ली, एजेंसी। देशभर में पिछले कई दिनों से आसमान से आग बरस रही थी। दोपहर में घर से बाहर निकलने का मतलब था पसीने-पसीने हो जाना। हालांकि, मौसम के बदलने के कयास लगाए जा रहे थे, जहां शनिवार को मौसम में बदलाव नजर आया और दिन से धूप का नामोनिशान नहीं था। दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो यहां कई इलाकों में बारिश भी हुई है। वहीं बाकी स्थानों पर मौसम सुहाना बना हुआ है, ठंड़ी हवाएं भी चल रही हैं। देश में तेज धूप और उमस के कारण जनता को मानसून की बारिश की दरकार थी। अब जहां मानसून की चर्चा के बीच मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में भारी बारिश से मौसम के बिगड़ने का पूर्वानुमान लगाया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा बुलेटिन आने वाले पांच दिनों के लिए मौसम से संबंधित जानकारी साझा की है। इसमें ज्यादातर राज्यों को अलर्ट पर रखा गया है। मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पूर्वी मध्य प्रदेश, केरल-माहे, तटीय कर्नाटक, उत्तराखंड के अलग-थलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना लगाई गई है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल-सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम- मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम- त्रिपुरा, कोंकण- गोवा, तमिलनाडु, पुडुचेरी-कराईकल, ओडिशा, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के लिए भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। उधर जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, गुजरात राज्य और तटीय कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर गरज और तेज़ हवा के साथ आंधी चलने की उम्मीद है।
राज्यों का हाल
बिहार में मेहरबान मौसम
बिहार में आजकर तेज बारिश हो रही है और आगे भी कुछ दिन राज्य में मौसम खराब रहने की उम्मीद है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की ट्रफ लाइन फिलहाल राज्य से होकर ही गुजर रही है। इस कारण प्रदेश में भारी बारिश हो रही है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के विभिन्न भागों में इसी तरह बारिश होती रहेगी। बता दें कि राज्य के अधिकतर जिलों में बादल छाए हुए हैं।
उत्तरप्रदेश में मानसून की बारिश
प्रदेश में काफी समय से मानसून का इंतजार है। गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। वहीं, इस दौरान खबर है कि राजधानी में अगले तीन-चार दिन से पहले मानसून के पहुंचने की संभावना कम है। राजधानी वासियों को भले ही मानसून के लिए कुछ और दिन इंतजार करना पड़ रहा है, लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर शुक्रवार को भी अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को भी पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में झमाझम बारिश की संभावना है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी बौछारें पड़ सकती हैं।
झारखंड में 25 जून तक बारिश
देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है, उनमें झारखंड भी शामिल है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार से आगामी 25 जून तक रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे। शनिवार को कई जिलों में बारिश होगी। रांची में शनिवार सुबह से बारिश हो रही है। 21 व 22 जून को गरज के साथ मध्यम दर्जे की बारिश होगी। 23 से 25 जून तक गरज के साथ एक-दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी।
दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश
मौसम में बदलाव के तुरंत बाद दिल्ली-एनसीआर में शनिवार सुबह मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। सुबह 5 बजे के आसपास दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, तो कुछ इलाकों में तेज बारिश। दिल्ली-एनसीआर के आसमान में लगातार बादल छाए हुए हैं और शाम तक बारिश होने के आसार हैं।