Weather update: उत्तर भारत में कई जगह बारिश से राहत, दिल्ली में आज हो सकती है हल्की बारिश
Weather update मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दक्षिण पूर्व मानसून ने दस्तक दे दी है। इसके प्रभाव से वहां से नमी वाली हवा दिल्ली पहुंचेगी।
जेएनएन, नई दिल्ली। उत्तर भारत में कई स्थानों पर शनिवार को बारिश होने से लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दक्षिण पूर्व मानसून ने दस्तक दे दी है। इसके प्रभाव से वहां से नमी वाली हवा दिल्ली पहुंचेगी। साथ ही नया पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर भारत पहुंच रहा है जिससे मानसूनी बारिश के आसार प्रबल हो गए हैं।
बिहार में बरसे बदरा
दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन के साथ पूरे बिहार में बारिश हुई। पटना में 33 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। बारिश के कारण तापमान आठ डिग्री सेल्सियस लुढ़ककर 32.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 और 26 जून को बिहार में झमाझम बारिश की संभावना है।
उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक बरसे मेघ
उत्तराखंड में भी बारिश हुई है। रविवार और सोमवार को भारी बारिश के आसार बन रहे हैं। विशेषकर कुमाऊं के नैनीताल और चम्पावत जिलों में तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा मैदानी क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है।
उप्र में बूंदाबांदी
उप्र में राजधानी लखनऊ व आसपास के कुछ जिलों में सुबह बूंदाबांदी हुई। इससे तापमान में जहां गिरावट दर्ज रही, वहीं दोपहर में धूप निकलने से उमस बढ़ी। अयोध्या में बारिश होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। आंबेडकरनगर के ग्रामीणांचल में बारिश रुक-रुककर होती रही। बाराबंकी में भी कहीं-कहीं बारिश हुई।
दिल्ली में आज हो सकती है हल्की बारिश
दिल्ली वालों को आज गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है। रविवार को बादल छाए रहेंगे, साथ ही हल्की बारिश होने की भी संभावना है। इसके अतिरिक्त 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
पंजाब में बारिश के आसार
पंजाब में बारिश से मिली राहत के बाद शनिवार को फिर मौसम गर्म रहा। ब¨ठडा और अमृतसर में अधिकतम तापमान सबसे अधिक 39 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को पंजाब के ज्यादातर जिलों में बादल छाए रहेंगे। कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ हलकी बारिश भी होने का अनुमान है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप