Weather Update: 'मानसून' के केरल पहुंचते ही दिखने लगा असर, महाराष्ट्र में चक्रवाती तूफान को लेकर चेतावनी
लक्षद्वीप केरल और तमिलनाडु में तेजी से आगे बढ़ रहा मानसून। अरब सागर व लक्षद्वीप में चक्रवाती तूफान आने के हालात बने।
नई दिल्ली, आइएएनएस/एएनआइ। भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिमी मानसून एक हफ्ते की देरी से आने के बावजूद अब लक्षद्वीप, केरल और तमिलनाडु में तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले 48 घंटे में यानी मंगलवार तक पूर्वोत्तर राज्यों में भी मानसून के बेहतरीन हालात बन गए हैं।
सरकारी मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण पूर्वी और पूर्वी मध्य अरब सागर के अलावा लक्षद्वीप में चक्रवाती तूफान आने के हालात बन रहे हैं। इन इलाकों में हवा का निम्न दबाव है। यह दबाव आगे उत्तर और उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा।
अगले 48 घंटे में यह दबाव और बढ़ सकता है। मानसून मंगलवार तक समूची बंगाल की खाड़ी को भी घेर लेगा। इसलिए मछुआरों को समुद्र में जाने से रोका गया है, चूंकि वहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हालांकि केरल में मछुआरों को 52 दिनों के लिए समुद्र में 12 नाटिकल माइल से दूर जाने से रोका गया है। ताकि मछलियों के ब्रीडिंग सीजन में उन्हें कोई नुकसान न हो। इस आदेश को नहीं मानने वालों को 2.5 लाख रुपये का जुर्माना भरना पड़ेगा।
प्री-मानसून बारिश में वृद्धा की मौत
महाराष्ट्र के नासिक में आंधी के साथ आई प्री-मानसून बरसात ने एक व्यक्ति की जान ले ली और तीन अन्य घायल हो गए। नासिक शहर में कई स्थानों पर तेज आंधी के चलते पेड़ भी उखड़ कर गिर गए। लिहाजा, विभिन्न स्थानों पर शनिवार की शाम से ही पांच घंटे बिजली गुल रही। पुलिस के मुताबिक नासिक के वडाला में आंधी के दौरान एक टिन की छत गिरने से एक 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका के परिवार के तीन अन्य लोग घायल हो गए।
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि येओला कस्बे में तेज प्री-मानसून बारिश के कारण कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अत्यधिक तेज बरसात के चलते निफाड़ तहसील में एक प्याज का गोदाम ढह गया। वहीं मनमाड में एक ग्रीन हाउस तहस-नहस हो गया।
महाराष्ट्र में चक्रवाती तूफान को लेकर हाई अलर्ट
महाराष्ट्र सूचना विभाग के महानिदेशक ने बताया कि मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 11 जून और 12 के बीच भारत के पश्चिमी तट के पास अरब सागर में चक्रवाती तूफान आ सकता है। यह तूफान राज्य के तट से लगभग 300 किमी दूर होगा। इसी दौरान मुंबई में मानसून प्रवेश करेगा। मछुवारों को इस दौरान समुंद्र के तट पर जाने से मना किया गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप