Weather Forecast Updates: पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बूंदाबांदी, इन राज्यों में तेज बारिश की चेतावनी
दिल्ली-एनसीआर में दोपहर में कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। साथ ही ठंडी हवाओं के चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं तापमान में भी गिरावट देखी गई है। दिल्ली राजस्थान हरियाणा और यूपी के कई इलाकों में अगले कुछ घंटों में बारिश की संभावना है।
नई दिल्ली, एजेंसी। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में पिछले 2 दिनों से भारी बारिश और बर्फबारी हो रही है। जम्मू और कश्मीर के ऊपर बना पश्चिमी विक्षोभ पूर्वी दिशा में आगे बढ़ता रहेगा। साथ ही चक्रवाती सिस्टम हरियाणा और दिल्ली के ऊपर पहुंच जाएगा। स्काईमेट वेदर के मुताबिक इन दोनों सिस्टमों के कारण उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में आज भी मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी और कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की संभावना है। राजस्थान के बाद पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत उत्तर के मैदानी इलाकों से गुरुवार से मौसम साफ हो जाएगा। पहाड़ों पर गतिविधियां जारी रहेंगी और 25 मार्च से मौसम साफ होने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश (Delhi-NCR Weather Update)
पिछले कुछ दिनों की चुभन भरी गर्मी के बीच मंगलवार का दिन दिल्लीवासियों के लिए खासी राहत लेकर आया। सुबह से ही मौसम ने जो सुहावना रूप अख्तियार किया, वह देर शाम तक बना रहा। बादलों और सूरज की लुकाछिपी, तेज हवा और हल्की बूंदाबांदी ने तो जैसे मन प्रफुल्लित कर दिया। इस सुहावने मौसम में अधिकतम तापमान भी छह डिग्री तक गिर गया। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ का असर अब खत्म हो गया है, लेकिन दो दिन और गर्मी के नियंत्रण में ही रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दो दिन पहले ही यह तापमान 35 डिग्री पार कर गया था। दूसरी तरफ न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को आंशिक रूप से बादल तो छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है।
बेमौसम बारिश से किसानों को नुकसान
बेमौसम आंधी-बारिश के चलते किसानों का काफी नुकसान हुआ है। मंगलवार को अंधड़ व बारिश के कारण गेहूं व सरसों की फसल में बड़ा नुकसान हुआ है। जहां सरसों की कटाई बाकी थी वहां खड़ी फसल काफी झड़ गई। वहीं गेहूं की फसल गिर गई है, जिससे पैदावार पर पूरा असर पड़ेगा। बताया जा रहा है कि बारिश से ज्यादा नुकसान नहीं होता लेकिन, साथ में अंधड़ आने से फसल पर असर पड़ा है। खेतों में गेहूं की फसल भी अब पकाव की ओर बढ़ रही है। आखिरी समय में अंधड़ के कारण फसल आड़ी-तिरछी गिर गई। जिससे फसल का पकाव अच्छे से नहीं आएगा। गुणवत्ता भी कमजोर रहेगी। जिससे किसानों को काफी नुकसान होगा।
पंजाब में बारिश से काफी क्षति (Weather news Punjab)
पंजाब में आज तेज हवा के साथ बारिश से किसानों को काफी नुकसान हुआ है। अमृतसर के मंडियाला गांव में खेत में खड़ी फसलें गिर गई हैं।
Punjab: Crops damaged in Mandiala village of Amritsar due to rainfall. pic.twitter.com/Uh1idLIsxf
— ANI (@ANI) March 23, 2021
हिमाचल प्रदेश में दिन भर रुक-रुक कर बारिश (Weather Update Himachal Pradesh)
हिमाचल प्रदेश में भी दिन भर रुक-रुक कर बारिश के बीच कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम हिमपात की गतिविधियां देखने को मिलीं। डलहौजी में 42 मिमी, मनाली और शिमला में 20 मिमी बारिश बीते 24 घंटों के दौरान दर्ज की गई। हालांकि बीते 2 दिनों के दौरान उत्तराखंड के लिए मौसम की गतिविधियां बहुत कम रहीं। नैनीताल, मसूरी और ऊखीमठ सहित पूरे क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
उत्तर भारत के मैदानी भागों में गरज के साथ बूंदाबांदी (Weather update North India)
उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी भागों में पंजाब और हरियाणा के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी अधिकांश स्थानों पर गरज के साथ बूंदाबांदी या हल्की वर्षा दर्ज की गई। तूफानी रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि के कारण दिन के तापमान में गिरावट आई है। राष्ट्रीय राजधानी में भी कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ मौसम सुहावना हो गया।
राजस्थान में अलर्ट जारी (Weather update news Rajasthan)
मौसम विभाग ने राजस्थान के लिए चेतावनी भी जारी की है। आईएमडी के अनुसार 23 मार्च को राजस्थान के अजमेर, भरतपुर, सीकर, झुंझुनू, अलवर समेत कई जिलों में तेज हवाएं, आंधी और ओलावृष्टि हो सकती है।
मप्र में बुधवार भी कुछ जिलों में हो सकती है बरसात (Madhya Pradesh Weather Update)
मप्र की राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कई जिलों पर आंशिक बादल छाए हुए हैं। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश भी हो रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बुधवार को भी कुछ जिलों में बरसात हो सकती है। गुरुवार से बादल छंटने लगेंगे और धीरे-धीरे मौसम साफ होने की संभावना है। इसके बाद दिन का तापमान बढ़ने लगेगा और रात के तापमान में गिरावट आने लगेगी। मंगलवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक खजुराहो में 0.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक) रहा। न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री (सामान्य से एक डिग्री अधिक) रहा।
छत्तीसगढ़ में गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना (Chhattisgarh weather news)
छत्तीसगढ़ का भी कुछ यही हाल है। यहां चक्रवात के सक्रिय होने की वजह से एक-दो जगहों पर, खास तौर से बस्तर जिले के आसपास बारिश होने की संभावना है। वहीं, 23 और 24 मार्च को गरज के साथ छींटे पड़ने या हल्की बरसात की भी आशंका जताई गई है।
जानें- क्यों हो रही बारिश
एक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर में सक्रिय है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उससे लगे पाकिस्तान पर बना हुआ है। इसके प्रभाव से एक प्रेरित चक्रवात उत्तर-पश्चिम राजस्थान पर बना हुआ है। साथ ही एक ऊपरी हवा का चक्रवात विदर्भ और उससे लगे छत्तीसढ़ पर सक्रिय है। इन चार वेदर सिस्टम के कारण बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से मध्य प्रदेश के वातावरण में नमी आ रही है। इससे बादल छाए हैं और गरज-चमक के साथ बरसात हो रही है। बुधवार से ये वेदर सिस्टम कमजोर पड़ने लगेंगे। इससे 25 मार्च से मौसम साफ होने लगेगा। बादलों के छंटने से आसमान साफ होने लगेगा। इससे दिन का तापमान बढ़ेगा। उधर, हवा का रख उत्तरी होने से रात के तापमान में गिरावट आएगी।
24 मार्च के बाद तेजी से बढ़ सकता है तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र (जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड) में मंगलवार को हल्की बर्फबारी और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।इसी के साथ हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बुधवार तक ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। मंगलवार तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। वहीं, 24 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के चले जाने के बाद, उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान के भी तेजी से बढ़ने की संभावना है।