Move to Jagran APP

Weather Forecast: उत्तर भारत में बर्फीली हवाओं से कंपकपाहट भरी ठंड, जानें- मकर सक्रांति तक मौसम का हाल

दिल्ली और आसपास के इलाकों में शीतलहर की वापसी हो गई है ठंड बढ़ गई है और 14 जनवरी तक न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। पंजाब हरियाणा और राजस्थान भी शीतलहर की चपेट में हैं।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Mon, 11 Jan 2021 05:05 PM (IST)Updated: Mon, 11 Jan 2021 08:07 PM (IST)
Weather Forecast: उत्तर भारत में बर्फीली हवाओं से कंपकपाहट भरी ठंड, जानें- मकर सक्रांति तक मौसम का हाल
दिल्ली में दिन में धूप निकला लेकिन हवा के कारण ठंड कम नहीं हुई। फाइल फोटो

नई दिल्ली, एजेंसी। उत्तर-भारत में बादल छटने और बर्फीली हवा चलने से कंपकपाहट भरी ठंड जारी है। मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी दी थी कि बारिश के दौर के बाद उत्तर भारत में शीतलहर लौटेगी। उधर पहाड़ों पर बर्फबारी भले ही अभी रुकी हो लेकिन बर्फ की मोटी परत हर तरफ दिखाई दे रही है। जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल में आम जिंदगी बर्फ के चलते जम सी गई है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी से थोड़ी राहत की उम्मीद है। 14 जनवरी तक मौसम के खुले रहने के आसार हैं। दिल्ली और आसपास के इलाकों में शीतलहर की वापसी हो गई है, ठंड बढ़ गई है और 14 जनवरी तक न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। पंजाब हरियाणा और राजस्थान भी शीतलहर की चपेट में हैं। उत्तर प्रदेश में 13 जनवरी तक कोहरा पड़ सकता है। वहीं बारिश झेल रहे मध्य प्रदेश में भी अब बादल छंट रहे हैं और शीतलहर लौट रही है। मप्र में अगले कुछ दिनों में पारा 3 डिग्री तक लुढ़क सकता है। दक्षिण में कर्नाटक में बारिश से लोग परेशान हैं।

loksabha election banner

दिल्ली में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिल्ली का न्यूनतम तापमान सोमवार को सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालय से सर्द हवाएं मैदानों की ओर चलने के साथ पारा और भी गिर सकता है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में 14 जनवरी तक पारे में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।

उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में बारिश

पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों और मध्य प्रदेश के लगभग सभी मंडलों में हल्की बारिश देखने को मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालय से मैदान की तरफ आने सर्द हवाओं ने ठंड का अहसास और बढ़ा दिया। उसने कहा कि शहर में 14 जनवरी तक पारे के पांच से छह डिग्री तक गिरने की उम्मीद है।

पंजाब और हरियाणा में ठंड का कहर जारी

पंजाब और हरियाणा के अधिकतर हिस्सों में सोमवार को भी ठंड का कहर जारी रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि हरियाणा के नारनौल में न्यनूतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी जारी

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी जारी है और राज्य में बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में राज्य के अनेक इलाकों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है।

बिहार में बढ़ेगी ठंड

बिहार में मकर संक्रांति से पहले कनकनी वाली ठंड पड़ने की संभानाएं जताई गई है। जम्मू में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर बिहार में अगले 24 से 48 घंटे में मौसम में बदलाव होने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश का मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश के केलांग और काल्पा में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। शिमला स्थित मौसम केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि जनजातीय लाहौल और स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग एक बार फिर पहाड़ी राज्य का सबसे ठंडा स्थान था जहां तापमान शून्य से 8.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

कश्मीर घाटी के कुछ हिस्सों में फिर बर्फबारी

इस बीच श्रीनगर समेत कश्मीर घाटी के कुछ हिस्सों में फिर बर्फबारी देखने को मिली जो अक्सर देखने को नहीं मिलती। मौसम विभाग ने कहा कि हफ्ते के शुरू में हुई भारी बर्फबारी के बाद शनिवार को भी हल्की बर्फबारी हुई थी, ऐसे में रविवार को एक बार फिर हुई बर्फबारी ने ठंड बढ़ा दी। श्रीनगर में सुबह साढ़े आठ बजे तक एक इंच बर्फबारी दर्ज की गई।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.