Weather Forecast: मौसम ने फिर ली अंगड़ाई, पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और कई राज्यों में आंधी और बारिश के आसार
Weather Forecast मौसम में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में जो बढ़ोतरी हो रही थी वह बादल छाने और प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश होने के कारण तापमान फिर गिरने लगा है।
नई दिल्ली जेएनएन। देश के अलग-अगल हिस्सों में मौसम करवट लिए हुए है। मौसम विभाग (IMD) की रिपोर्ट के मुताबिक एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ (Western disturbance) सक्रिय हो रहा है। इस पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव के चलते एक बार फिर मौसम में बदलाव देखा जाएगा। पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव इसके चलते 05 से 07 मार्च के बीच हिमालय के कई हिस्सों और कई पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना बनी हुई है।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते आने वाले दिनों यानी गुरूवार से शनिवार के बीच में हरियाणा, पंजाब, चंड़ीगढ़, उत्तर प्रदेश और दिल्ली एनसीआर में बारिश होने की संभावना जताई गई है। हिमांचल और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भारी बर्फबारी देखी जा सकती है।
बुधवार का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और केरल और तमिलनाडु के बीच राज्य की सीमा पर आंधी आने की संभवाना है। पंजाब, एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर भयंकर आंधी की आशंका बनी हुई है।
मध्य प्रदेश में भी आंधी के साथ बारिश की संभावना
राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के मौसम में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में जो बढ़ोतरी हो रही थी वह बादल छाने और प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश होने के कारण तापमान फिर गिरने लगा है। मंगलवार को शहर में रात का पारा पिछले 24 घंटे के दौरान 4.1 डिग्री सेल्सियस गिर गया। न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सात-आठ मार्च को प्रदेश में आंधी के साथ बारिश की संभावना है। आगामी 24 घंटे में ग्वालियर, चंबल और रीवा संभागों के जिलों एवं पन्ना, छतरपुर व टीकम़़ढ में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले तीन-चार दिनों में फिर से मौसम में बदलाव होगा। प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ तेज आंधी भी चल सकती है।
10 मार्च से चढ़ेगा पारा
बता दें कि दक्षिण पश्चिमी मप्र में बने चक्रवात के कारण पूरे मध्य प्रदेश का मौसम बार-बार बदल रहा है। तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है, लेकिन बादल छाने के साथ बौछारें भी पड़ रही हैं। अभी कुछ दिन और मौसम ऐसा ही रहेगा। 10 मार्च के बाद तापमान और ज्यादा बढ़ सकता है।