Weather Alert: टाक्टे तूफान और पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत में अगले दो दिन भारी बारिश की संभावना
टाक्टे तूफान और पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत में अगले दो दिन भारी बारिश की संभावना है। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा कि हिमाचल प्रदेश हरियाणा और दिल्ली उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों पूर्वोत्तर राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
नई दिल्ली, एएनआइ। टाक्टे तूफान और पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत में अगले दो दिन भारी बारिश की संभावना है। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों, पूर्वोत्तर राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत (जम्मू-कश्मीर को छोड़कर) में भारी से बहुत भारी वर्षा और उत्तराखंड के अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा के साथ व्यापक वर्षा गतिविधि का पूर्वानुमान है। उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। विभाग ने कहा है कि 22 मई के आसपास उत्तरी अंडमान सागर और इससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके अगले 72 घंटों के दौरान तेज होकर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके 26 मई के आसपास पश्चिम बंगाल-ओडिशा के तटों तक पहुंचने की संभावना है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के 21 मई के आसपास दक्षिण अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी में आगे बढ़ने की संभावना है। एक चक्रवाती सरकुलेशन बंगाल की दक्षिण-पूर्वी खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से 3.1 किमी और 5.8 किमी के बीच स्थित है।
Heavy rainfall expected at isolated places over Himachal Pradesh Haryana, Chandigarh & Delhi, rest parts of Uttar Pradesh, northeast Rajasthan and north Madhya Pradesh today: India Meteorological Department (IMD)
— ANI (@ANI) May 19, 2021
चक्रवाती तूफान टाक्टे का असर उत्तर भारत के मौसम पर भी दिखाई दे रहा है। चक्रवाती तूफान टाक्टे (Cyclone Tauktae) के कारण देश भर में फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होता नजर आ रहा है। इसके चलते देश के कई राज्यों में बारिश और आंधी के आसार हैँ। यूपी, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में इसका असर देखने को मिल सकता है। हिमाचल प्रदेश में बारिश व ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है, जबकि पहाड़ों में अतिवृष्टि के आसार हैं जबकि उच्च हिमालय में बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया गया है।
तूफान टाक्टे गुजरात से निकलकर राजस्थान की तरफ बढ़ रहा है। अरब सागर (Arab Sea) से उठा चक्रवात टाक्टे (Tauktae) मंगलवार रात को और कमजोर पड़ गया है। लेकिन चक्रवात टाक्टे के कारण पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर में मध्यम स्तर की बारिश होगी। दिल्ली के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार को बताया कि टाक्टे के उत्तर भारत की ओर बढ़ने पर दक्षिणी राजस्थान में बारिश हुई है।