मप्र : चंबल फिर खतरे के निशान से चार मीटर ऊपर, क्वारी और सोन नदी भी उफान पर
चंबल व क्वारी का जलस्तर बढ़ने से इन नदियों के किनारे के गांवों में फिर अलर्ट जारी किया गया है। भिंड में क्वारी नदी में जलस्तर बढ़ने से प्रशासन ने शनिवार को तीन गांव खाली कराए हैं। क्वारी नदी किनारे के अन्य 15 गांवों में अलर्ट जारी किया है।
ग्वालियर, जेएनएन। दो दिन के बाद मध्य प्रदेश के भिंड-मुरैना में नदियों में फिर उफान आ गया है। शनिवार को अचानक चंबल के साथ-साथ क्वारी व सोन नदी का जलस्तर बढ़ने लगा। चंबल नदी का जलस्तर शनिवार की सुबह 140 मीटर था लेकिन शुक्रवार को शिवपुरी व श्योपुर जिले में हुई बारिश से क्वारी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इसके अलावा कूनो, पार्वती, बनास आदि नदियों से होते हुए श्योपुर-शिवपुरी का बारिश का पानी चंबल नदी में आ गया है। इससे शनिवार शाम छह बजे चंबल का जलस्तर 142 मीटर से ज्यादा पहुंच चुका था, जो खतरे के निशान 138 मीटर से चार मीटर ज्यादा था।
चंबल व क्वारी का जलस्तर बढ़ने से इन नदियों के किनारे के गांवों में फिर अलर्ट जारी किया गया है। भिंड में क्वारी नदी में जलस्तर बढ़ने से प्रशासन ने शनिवार को तीन गांव खाली कराए हैं। क्वारी नदी किनारे के अन्य 15 गांवों में अलर्ट जारी किया है।
केंद्रीय मंत्री के सामने भड़का बाढ़ पीड़ितों का आक्रोश
बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए क्षेत्रीय सांसद व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर शनिवार को श्योपुर पहुंचे तो लोग आक्रोशित हो उठे। उन्होंने मंत्री व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करना शुरू कर दिया। मंत्री सहित प्रशासन की गाड़ियों पर कीचड़ फेंक दिया। एक पीड़ित व्यक्ति तो उनकी गाड़ी के आगे लेट गया। कुछ लोगों ने उनके साथ धक्का-मुक्की भी कर दी।
यह भी पढ़ें : केंद्रीय जलशक्ति मंत्री ने कहा- महिलाओं को सिर पर नहीं ढोना होगा पानी, 2024 तक हर घर पहुंचेगी पाइप लाइन