विस्तारा ने क्रू मेंबर को सेल्फ क्वारंटाइन में भेजा, यात्री के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उठाया गया कदम
गोवा सरकार ने रविवार को एक व्यक्ति के जांच में पॉजिटिव पाए जाने की घोषणा की थी। इसके बाद एयरलाइन ने यह निर्देश जारी किया है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। विस्तारा ने 22 मार्च को मुंबई से गोवा फ्लाइट के क्रू मेंबर को सेल्फ क्वारंटाइन में जाने को कहा है। इसमें यात्रा करने वाले यात्री के कोरोना वायरस जांच में पॉजिटिव पाए जाने के बाद यह कदम उठाया है।
गोवा सरकार ने रविवार को एक व्यक्ति के जांच में पॉजिटिव पाए जाने की घोषणा की। इसके बाद एयरलाइन ने यह निर्देश जारी किया है। यह व्यक्ति न्यूयॉर्क से आया था। 22 मार्च को वह मुंबई से गोवा के लिए विस्तारा डोमेस्टिक फ्लाइट यूके861 में सवार हुआ था।
गोवा सरकार ने जारी की हेल्पलाइन नंबर
विस्तारा के प्रवक्ता ने कहा, 'हमने तलाश करने वाले अधिकारियों को सभी संबंधित सूचना मुहैया करा दी है। विमान का संचालन करने वाले कर्मचारियों या यात्री के संपर्क में आने वालों को सेल्फ क्वारंटाइन में जाने को कहा है।'
गोवा सरकार ने विमान से यात्रा करने वाले लोगों को हेल्पलाइन नंबर 0832-2421810/2225538 पर कॉल करने या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में रिपोर्ट करने के लिए कहा है।
भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या हजार के पार
बता दें कि भारत में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में कोरोना वायरस (COVID-19) से संक्रमित मरीजों की संख्या 1071 हो गई है। वहीं, 29 मरीजों की मौत हो गई है। हालांकि, कोरोना वायरस संक्रमित 99 लोग भारत में ठीक भी हो चुके हैं। केरल में मरीजों की संख्या 194 हो गई है। महाराष्ट्र में अब तक 193 मामले सामने आ गए हैं।
अभी भारत में थर्ड फेज में नहीं पहुंची महामारी
उत्तर प्रदेश अब तक 75 मामले सामने आए हैं। कर्नाटक में 80 मामले सामने आए हैं। अच्छी बात यह है कि भारत में अभी तक इस महामारी का कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं हुआ है। इस बीच, एक बड़ी खबर ये आई है कि देश में कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन को बढ़ाए जाने की खबरों पर कैबिनेट सेक्रटरी राजीव गौबा ने हैरानी जताई है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि लॉकडाउन को बढ़ाने का फिलहाल कोई विचार नहीं है।