Move to Jagran APP

गणतंत्र दिवस पर फ्लाई पास्ट में पहली बार दिखेंगा काकपिट का वीडियो, जानें 'आजादी के अमृत महोत्सव' पर क्या है खास

73वें गणतंत्र दिवस पर बुधवार को राजपथ पर कई चीजें पहली बार होंगी। इनमें वायुसेना के 75 विमानों का फ्लाई-पास्ट प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के माध्यम से चयनित 480 नर्तकों द्वारा प्रदर्शन 75 मीटर लंबाई के 10 स्क्राल का प्रदर्शन और परेड दिखाने के लिए 10 एलईडी स्क्रीन जैसे आयोजन शामिल हैं।

By Amit SinghEdited By: Published: Tue, 25 Jan 2022 08:21 PM (IST)Updated: Tue, 25 Jan 2022 08:21 PM (IST)
गणतंत्र दिवस पर फ्लाई पास्ट में पहली बार दिखेंगा काकपिट का वीडियो, जानें 'आजादी के अमृत महोत्सव' पर क्या है खास
आजादी का अमृत महोत्सव है बहुत खास (जागरण.काम, फाइल फोटो)

नई दिल्ली, प्रेट्र: 73वें गणतंत्र दिवस पर बुधवार को राजपथ पर कई चीजें पहली बार होंगी। इनमें वायुसेना के 75 विमानों का भव्य फ्लाई-पास्ट, प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के माध्यम से चयनित 480 नर्तकों द्वारा सांस्कृतिक प्रदर्शन, 75 मीटर लंबाई के 10 स्क्राल का प्रदर्शन और परेड दिखाने के लिए 10 बड़े एलईडी स्क्रीन जैसे आयोजन शामिल हैं। पहली बार ही वायुसेना ने फ्लाई-पास्ट के दौरान काकपिट का वीडियो दिखाने के लिए दूरदर्शन के साथ समन्वय किया है।

loksabha election banner

आजादी का अमृत महोत्सव

रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि गणतंत्र दिवस परेड-2022 भारत की स्वतंत्रता के 75वें वर्ष में हो रही है जिसे पूरे देश में 'आजादी का अमृत महोत्सव' के रूप में मनाया जा रहा है। बयान के मुताबिक, 'ग्रैंड फिनाले और परेड के सर्वाधिक प्रतीक्षित सेगमेंट फ्लाई-पास्ट में पहली बार भारतीय वायुसेना के 75 विमान आजादी का अमृत महोत्सव के हिस्से के रूप में दिखेंगे।' पहली बार परेड के दौरान राजपथ पर 75 मीटर लंबाई और 15 फीट ऊंचाई के 10 स्क्राल प्रदर्शित किए जाएंगे। ये (स्क्राल) रक्षा और संस्कृति मंत्रालयों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित कला कुंभ कार्यक्रम के दौरान तैयार किए गए थे। इन्हें दो चरणों में भुवनेश्वर और चंडीगढ़ में देशभर के 600 से अधिक प्रसिद्ध कलाकारों और युवा कलाकारों द्वारा चित्रित किया गया था।

प्रतियोगिता के जरिए हुआ कलाकारों का चयन

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि पहली बार परेड में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शन करने वाले कलाकारों का चयन राष्ट्रव्यापी प्रतियोगिता के जरिये किया गया है। 'वंदे भारतम' प्रतियोगिता 323 समूहों में लगभग 3,870 नर्तकों की भागीदारी के साथ जिला स्तर पर शुरू हुई थी जिसमें कलाकार नवंबर और दिसंबर में दो महीने की अवधि में राज्य और जोनल स्तर तक के कार्यक्रमों में पहुंचे। अंतत: 480 नर्तकों का चयन किया गया। वे राजपथ पर परेड के दौरान अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

दस एलईडी स्क्रीनों पर होगा परेड का सीधा प्रसारण

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक परेड को अच्छी तरह से देखने के लिए 10 बड़े एलईडी स्क्रीन लगाए जाएंगे जो पांच-पांच की संख्या में राजपथ के दोनों ओर स्थापित होंगे। पिछले गणतंत्र दिवस परेड की फुटेज, सशस्त्र बलों पर लघु फिल्में और गणतंत्र दिवस परेड-2022 से पहले के संबंधित विभिन्न घटनाक्रम की कहानियों को लेकर बनाई गईं फिल्मों को परेड से पहले प्रदर्शित किया जाएगा। इसके बाद स्क्रीन पर परेड का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। परेड का नेतृत्व लेफ्टिनेंट जनरल विजय कुमार मिश्रा करेंगे। दिल्ली क्षेत्र के चीफ आफ स्टाफ मेजर जनरल आलोक काकेर परेड के सेकेंड इन कमान होंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.