सिंगल डोज लेने वालों से ज्यादा हुई कोविड-19 रोधी वैक्सीन की दोनों खुराक लेने वालों की संख्या, अब तक 114.30 करोड़ डोज लगाई गईं
देश में कोविड-19 रोधी वैक्सीन की दोनों डोज लेने वाले लोगों की संख्या टीके की एक खुराक लेने वालों के पार चली गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक कोरोना रोधी वैक्सीन की अब तक 114.30 करोड़ डोज लगाई जा चुकी हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन/एजेंसियां। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया (Union Health Minister Mansukh Mandaviya) ने बुधवार को बताया कि देश में कोविड-19 रोधी वैक्सीन की दोनों डोज लेने वाले लोगों की संख्या टीके की एक खुराक लेने वालों के पार चली गई है। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री मोदी की दूरदृष्टि, सरकार में लोगों का यकीन बढ़ने के साथ साथ ‘हर घर दस्तक’ अभियान की वजह से यह उपलब्धि हासिल हुई है। इस बीच कोरोना के मामलों में कुछ बढ़ोतरी तो जरूर हुई है लेकिन सक्रिय मामलों में गिरावट जारी है।
देश में कोरोना की स्थिति
24 घंटे में नए मामले 10,197
कुल सक्रिय मामले 1,28,555
24 घंटे में टीकाकरण 67.82 लाख
कुल टीकाकरण 114.30 करोड़
कोविन पोर्टल के शाम छह बजे के आंकड़ों के मुताबिक कोरोना रोधी वैक्सीन की अब तक 114.30 करोड़ डोज लगाई जा चुकी हैं। इनमें से 75.88 करोड़ पहली खुराक के तौर पर जबकि 38.41 करोड़ दूसरी डोज के तौर पर दी गई हैं। समाचार एजेंसी पीटीआइ की रिपोर्ट के मुताबिक टीकों की दोनों खुराक लेने वाली लोगों की संख्या पहली खुराक लेने वाले लोगों की संख्या (37.47) के पार चली गई है। सरकार का विशेष ध्यान उन जिलों पर है जहां 50 फीसद से भी कम टीकाकरण हुआ है। अब स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर पात्र लोगों को टीका लगा रहे हैं।
बुधवार सुबह 08:00 बजे तक कोरोना की स्थिति
नए मामले 10,197
कुल मामले 3,44,66,598
सक्रिय मामले 1,28,555
मौतें (24 घंटे में) 301
कुल मौतें 4,64,153
ठीक होने की दर 98.28 फीसद
मृत्यु दर 1.35 फीसद
पाजिटिविटी दर 0.82 फीसद
सा.पाजिटिविटी दर 0.96 फीसद
जांच (मंगलवार) 12,42,177
कुल जांच 62.70 करोड़
सक्रिय मामलों में आई गिरावट
पिछले 24 घंटे में जहां 10 हजार से अधिक मामले पाए गए हैं वहीं सक्रिय मामलों में दो हजार से अधिक की गिरावट आई है। वर्तमान में सक्रिय मामले 1,28,555 रह गए हैं जो 527 दिन में सबसे कम और कुल मामलों का 0.37 प्रतिशत हैं। बीते एक दिन में देश में 301 मौतें हुई हैं। इसमें से अकेले केरल से 210 और महाराष्ट्र से 34 मौतें हैं। केरल में राज्य सरकार पहले हुई मौतों को नए आंकड़ों के साथ मिलाकर जारी कर रही है इसलिए मरने वालों की संख्या बढ़ रही है।
बुधवार शाम 06:00 बजे तक किस राज्य में कितने टीके
मध्य प्रदेश 14.87 लाख
उत्तर प्रदेश 8.55 लाख
महाराष्ट्र 6.03 लाख
गुजरात 3.76 लाख
बिहार 2.87 लाख
राजस्थान 1.72 लाख
छत्तीसगढ़ 1.08 लाख
झारखंड 1.06 लाख
हरियाणा 0.88 लाख
हिमाचल 0.85 लाख
दिल्ली 0.79 लाख
पंजाब 0.56 लाख
उत्तराखंड 0.50 लाख
जम्मू-कश्मीर 0.43 लाख
(कोविन पोर्टल के आंकड़े)
मध्य प्रदेश में सभी पाबंदियां हटीं
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक मरीजों के उबरने की दर बढ़ रही है, मृत्युदर स्थिर बनी हुई है और दैनिक एवं साप्ताहिक संक्रमण दर भी दो फीसद से नीचे बरकरार है। इस बीच मध्य प्रदेश सरकार ने सभी प्रतिबंधों को हटाने का फैसला किया है। सरकार के इस आदेश के बाद सभी धार्मिक, खेल-कूद, राजनीतिक, सांस्कृतिक और अन्य आयोजन पूरी क्षमता के साथ अब हो सकेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विवाह में सीमित संख्या का प्रावधान और नाइट कर्फ्यू आज रात से समाप्त हो रहा है।