शुगर कम होने से बेहोश हुए केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा, अस्पताल में किए गए भर्ती
शिवमोगा से बेंगलुरु आते समय चित्रदुर्ग में अचानक वो बेहोश गए जांच करने पर पता चला कि उनके शरीर में शुगर की मात्रा कम हो गई है। चित्रदुर्ग में वह एक होटल में खाना खाने के लिए रुके थे।
बेंगलुरु, एजेंसियां। केंद्रीय मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा की तबीयत रविवार को अचानक खराब हो गई है। उन्हें यहां अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिवमोगा से बेंगलुरु आते समय चित्रदुर्ग में अचानक वो बेहोश गए, जांच करने पर पता चला कि उनके शरीर में शुगर की मात्रा कम हो गई है। चित्रदुर्ग में वह एक होटल में खाना खाने के लिए रुके थे।
अधिकारियों ने बताया कि 67 वर्षीय सदानंद गौड़ा की तबीयत अब ठीक है और अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में उनकी जांच चल रही है। तबीयत खराब होने पर उन्हें तत्काल चित्रदुर्ग के एक अस्पताल में ले जाया गया था, जहां होश में आने के बाद उन्होंने अपने परिजनों से बात की। उसके बाद उन्हें ट्रैफिक रोककर एंबुलेंस के जरिये बेंगलुरु के निजी अस्पताल में लाया गया।
भाजपा की एक बैठक में शामिल होने के लिए शिवमोगा पहुंचे थे
कर्नाटक के मुख्यमंत्री रह चुके सदानंद गौड़ा के पुत्र कार्तिक ने संवाददाताओं को बताया कि उनकी तबीयत अब ठीक है। शुगर की मात्रा कम होने से वह अचानक बीमार पड़ गए। भाजपा की एक बैठक में शामिल होने के लिए वह शिवमोगा गए थे।
नवंबर में हुए थे कोरोना से संक्रमित
बता दें कि नवंबर महीने में केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा कोरोना से संक्रमित हो गए थे। तब सदानंद गौड़ा ने ट्वीट कर खुद ही इस बात की जानकारी दी थी। केंद्रीय मंत्री सदानंद गौड़ा ने ट्वीट किया था कि कोरोना के शुरुआती लक्षण के बाद मैंने खुद का टेस्ट कराया। टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई।