केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, संक्रमण की दर पांच फीसद से कम करने पर काम करें राज्य
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने महामारी के प्रसार को रोकने के लिए जांच बढ़ाने और संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान करने पर जोर दिया।
नई दिल्ली, आइएएनएस। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कंटेनमेंट जोन में कोरोना के प्रसार को रोकने और जांच में तेजी लाने पर जोर दिया है, ताकि संक्रमण की दर को पांच फीसद से नीचे लाया जा सके। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 35 जिलों में कोरोना संक्रमण को रोकने और उससे निपटने के उपायों की समीक्षा के दौरान ये बातें कही।
रविवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हुई समीक्षा बैठक में बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, झारखंड, पुडुचेरी और दिल्ली के स्वास्थ्य सचिव भी मौजूद थे। इन 35 जिलों में बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, उत्तरी 24 परगना, महाराष्ट्र के पुणे, नागपुर, अहमदनगर, जलगांव, सोलापुर, सतारा, औरंगाबाद, गुजरात का सूरत, झारखंड का पूर्वी सिंहभूम, पुडुचेरी और दिल्ली के सभी 11 जिले शामिल हैं।
भूषण ने महामारी के प्रसार को रोकने के लिए जांच बढ़ाने और संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान करने पर जोर दिया। पहले से गंभीर रोगों से ग्रसित लोगों और बुजुर्गो पर अधिक ध्यान देने को भी कहा।
देश में कम नहीं हो रहे कोरोना के मामले
बता दें कि देश में कोरोना के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 23,350 नए मामले मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा नौ लाख को पार कर गया है। राज्य में 328 लोगों की जान भी गई है। अब तक 26,604 मरीजों की मौत हो चुकी है। आंध्र प्रदेश में लगातार 12वें दिन 10 हजार से अधिक नए केस सामने आए। राज्य में अब तक करीब पांच लाख संक्रमित मिल चुके हैं। तमिलनाडु में भी संक्रमितों का आंकड़ा साढ़े चार लाख को पार कर गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश में भी 6,777 नए केस मिले हैं, जो एक दिन में राज्य में अब तक सामने आए नए मामलों की सबसे बड़ी संख्या है। राज्य में संक्रमितों की संख्या 2.66 लाख से अधिक हो गई है।