ओमिक्रोन की दस्तक के बीच टीकाकरण ने पकड़ी रफ्तार, फिर लगाई गई एक करोड़ से ज्यादा वैक्सीन, आंकड़ा 127 करोड़ के पार
ओमिक्रोन की दस्तक के बीच टीकाकरण अभियान ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। देश में शनिवार को एक बार फिर एक करोड़ से ज्यादा कोविड रोधी लगाई गई। इसके साथ ही देश में टीकाकरण का आंकड़ा 127 करोड़ को पार कर गया है।
नई दिल्ली, एजेंसियां। देश में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन की दस्तक के बीच टीकाकरण अभियान ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। समाचार एजेंसी एएनआइ की रिपोर्ट के मुताबिक देश में शनिवार को एकबार फिर एक करोड़ से ज्यादा कोविड रोधी लगाई गई। इसके साथ ही देश में टीकाकरण का आंकड़ा 127 करोड़ को पार कर गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि भारत ने एक फिर करोड़ टीका लगाने की उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने ट्वीट किया, 'भारत ने आज एक बार और एक करोड़ टीका लगाया! तेजी से चल रहे हर घर दस्तक अभियान के साथ, दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान पीएम नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों को छू रहा है और नई उपलब्धि हासिल कर रहा है।'
India achieves another 1⃣0⃣,0⃣0⃣0⃣,0⃣0⃣0⃣ #COVID19 vaccinations today!
With the #HarGharDastak campaign in full swing, the world's #LargestVaccinationDrive is touching new heights & accomplishing new feats under PM @NarendraModi ji's leadership. pic.twitter.com/eWuyI7evV9— Dr Mansukh Mandaviya (@mansukhmandviya) December 4, 2021
एक करोड़ तीन लाख से अधिक डोज दी गईं
कोविन पोर्टल के आंकड़ों के मुताबिक रात 11 बजे तक एक करोड़ तीन लाख से अधिक डोज दी जा चुकी थीं। कोविन पोर्टल के आंकड़ों के मुताबिक देश में अब तक कोरोना रोधी वैक्सीन की कुल 127.62 करोड़ डोज लगी है। इसमें 80.05 करोड़ पहली और 47.56 करोड़ दूसरे डोज शामिल हैं। इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि केंद्र की तरफ से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को अब तक 138 करोड़ डोज उपलब्ध कराई गई हैं। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास 21.38 करोड़ डोज बची हैं।
सभी वयस्कों का टीकाकरण करने वाला पहला राज्य बना हिमाचल
वहीं हिमाचल प्रदेश ने कोरोना के खिलाफ जारी लड़ाई में एक बड़ा मुकाम हासिल किया है। समाचार एजेंसी पीटीआइ की रिपोर्ट के मुताबिक हिमाचल प्रदेश सभी वयस्कों का टीकाकरण करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। हिमाचल प्रदेश सरकार के आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि राज्य के अर्हता प्राप्त 53,86,393 वयस्कों को टीके की दूसरी खुराक दे दी गई है।
देश में 8,603 नए मामले मिले
वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शनिवार सुबह अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देश में 8,603 नए मामले मिले हैं, 415 मौतें हुई हैं और सक्रिय मामलों में भी मामूली गिरावट आई है। इस बीच देश में ओमिक्रोन के चार मामले सामने आ चुके हैं। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक शख्स कोरोना के नए वैरिएंट से संक्रमित पाया गया है। समाचार एजेंसी पीटीआइ के मुताबिक 33 वर्षीय यह व्यक्ति 23 नवंबर को दुबई के रास्ते दक्षिण अफ्रीका से दिल्ली हवाई अड्डे पहुंचा था। दिल्ली हवाई अड्डे पर उसने कोविड जांच के लिए नमूना दिया था और मुंबई के लिए उड़ान पकड़ी थी।
महाराष्ट्र के मुख्य सचिव ने 10 माह बाद ली पहली डोज
वहीं समाचार एजेंसी पीटीआइ के मुताबिक महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्य सचिव देबाशीश चक्रवर्ती ने देश में कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण अभियान शुरू होने के 10 महीने बाद पहली डोज ली है। 59 वर्षीय वरिष्ठ नौकरशाह का कहना है कि यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है। एक चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि चक्रवर्ती ने खासतौर पर राज्य विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र को ध्यान में रखकर टीके की पहली डोज ली है। सत्र के दौरान विधानसभा में प्रवेश के लिए टीका लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। विधानसभा का यह सत्र 22 दिसंबर से शुरू होने वाला है।