हलाली डैम का नाम बदलवाने को उमा भारती ने लिखा पत्र, विश्वासघात की कहानी की याद दिलाता है यह नाम
पत्र में उमा भारती ने लिखा है कि शहर से बाहर हलाली नाम का स्थान विश्वासघात की उस कहानी की याद दिलाता है जिसमें मोहम्मद खान ने भोपाल के आसपास के अपने मित्र राजाओं को यहां बुलाकर धोखा देकर उनका सामूहिक कत्ल करवा दिया था।
भोपाल, राज्य ब्यूरो। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से 20 किमी दूर स्थित हलाली डैम और स्थान के नाम परिवर्तन को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भाजपा विधायक विष्णु खत्री को पत्र लिखा है। विष्णु खत्री बैरसिया से विधायक हैं और डैम इसी विधानसभा क्षेत्र में स्थित है। नाम परिवर्तन का प्रस्ताव स्थानीय जनप्रतिनिधि ही आगे बढ़ा सकते हैं।
यहां मोहम्मद खान ने मित्र राजाओं का धोखे से सामूहिक कत्ल करवा दिया था
पत्र में उमा भारती ने लिखा है कि शहर से बाहर हलाली नाम का स्थान विश्वासघात की उस कहानी की याद दिलाता है, जिसमें मोहम्मद खान ने भोपाल के आसपास के अपने मित्र राजाओं को यहां बुलाकर, धोखा देकर उनका सामूहिक कत्ल करवा दिया था। तब रक्त के कारण नदी का रंग लाल हो गया था और इसे हलाली नाम दिया गया था। हलाली शब्द उसी घटना की याद दिलाता है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा- हलाली नाम विश्वासघात की कहानी की याद दिलाता है
जो लोग हलाली का इतिहास जानते हैं, उन्हें इस शब्द से घृणा होने लगती है। मैंने सुना है कि उसको एक पर्यटन केंद्र बनाया जा रहा है, क्योंकि वहां डैम है, नदी है। यह एक बहुत अच्छी बात है, किंतु आप तुरंत संस्कृति एवं पर्यटन विभाग से संपर्क करके घृणा पैदा करने वाले इस नाम का उल्लेख बंद करवा दीजिए। आप इस संबंध में पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर से मिलकर भी बात कर सकते हैं। मैं भी इस पत्र की एक कापी उनको भेज दूंगी।