Move to Jagran APP

कोरोना के नए मामलों में लगातार दर्ज की जा रही गिरावट, महामारी की दूसरी लहर से ज्यादातर राज्यों को मिलने लगी राहत

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सोमवार सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे के दौरान 281837 नए मामले सामने आए हैं और सक्रिय मामलों की संख्या 3512674 पर आ गई है ।

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Published: Mon, 17 May 2021 07:14 PM (IST)Updated: Tue, 18 May 2021 08:37 AM (IST)
कोरोना के नए मामलों में लगातार दर्ज की जा रही गिरावट, महामारी की दूसरी लहर से ज्यादातर राज्यों को मिलने लगी राहत
इस दौरान नए मामलों में भी लगातार दर्ज की गई गिरावट

जेएनएन, नई दिल्ली। देश के ज्यादातर हिस्सों को कोरोना महामारी की दूसरी लहर से राहत मिलने लगी है। दक्षिण भारत के कुछ राज्यों को छोड़कर शेष प्रदेशों में नए मामलों में तेजी से गिरावट आ रही है और उसी के अनुपात में सक्रिय मामले भी कम हो रहे हैं। अगर पिछले पांच दिनों की ही बात करें तो सक्रिय मामले करीब दो लाख कम हुए हैं और नए मामलों में भी एक लाख की गिरावट नजर आ रही है।

loksabha election banner

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सोमवार सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे के दौरान 2,81,837 नए मामले सामने आए हैं और सक्रिय मामलों की संख्या 35,12,674 पर आ गई है। जबकि, पांच दिन पहले यानी 12 मई को 3,62,632 मरीज मिले थे और 37,06,080 एक्टिव केस थे।

दिनांक              नए मामले            एक्टिव केस

16 मई            2,81,837              35,12,674

15 मई            3,10,757              36,13,507

14 मई            3,27,257              36,69,445

13 मई            3,43,005              37,00,327

12 मई           3,62,632               37,06,080

कम नहीं हो रही दैनिक मौतें

मंत्रालय के मुताबिक इस दौरान ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, लेकिन चिंता की बात यह है कि दैनिक मृतकों की संख्या नहीं घट रही। पिछले कुछ दिनों से रोजाना औसत चार हजार लोगों की जान जा रही है। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत जिन प्रमुख राज्यों में दैनिक मामले लगातार कम हो रहे हैं, वहां भी मृतकों की संख्या घट नहीं रही है। 

उबरने की दर में लगातार सुधार

कुल संक्रमितों का आंकड़ा 2.50 करोड़ के करीब पहुंच गया है। इनमें से करीब 2.12 करोड़ मरीज पूरी तरह से ठीक भी हो चुके हैं और 2.74 लाख की जान जा चुकी है। मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 84.81 फीसद हो गई है। मृत्युदर 1.10 फीसद है, जो पिछले कुछ दिनों से 1.09 फीसद पर स्थिर बनी हुई थी। कुल संक्रमितों के अनुपात में सक्रिय मामले 14.09 फीसद हैं।

कर्नाटक में तीन महीने में पहली बार नए मरीजों से ज्यादा लोग हुए ठीक

कर्नाटक समेत दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में कोरोना का कहर कम नहीं हो रहा है। आंध्र प्रदेश में तो 24 हजार से ज्यादा नए मामले हैं। महामारी के सामने आने के बाद से राज्य में एक दिन में कभी इतने मामले नहीं मिले थे। लेकिन कर्नाटक में तीन महीने में पहली बार कर्नाटक में एक दिन में नए मामलों (31,531) की तुलना में ज्यादा मरीज (36,475) ठीक हुए हैं।

रविवार को 15.73 लाख टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए रविवार को देश भर में 15,73,515 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर अब तक कुल 31 करोड़ 64 लाख 23 हजार से ज्यादा नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.