Move to Jagran APP

टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें, आज जिन पर बनी हुई है नज़र

यहां पर दस बड़ी खबरें दी गई हैं, आज जिन पर हमारी नजर बनी हुई है।

By Manoj YadavEdited By: Published: Sat, 24 Mar 2018 08:44 AM (IST)Updated: Sat, 24 Mar 2018 10:22 AM (IST)
टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें,  आज जिन पर बनी हुई है नज़र
टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें, आज जिन पर बनी हुई है नज़र

1- ताजा खबरः जम्‍मू कश्‍मीर के अनंतनाग में मुठभेड़, मारे गए हिज्‍बुल के दो आतंकी

loksabha election banner

श्रीनगर। जम्‍मू कश्‍मीर के अनंतनाग जिले में शनिवार को सुरक्षबलों के साथ जारी मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए। बताया जा रहा है कि ये आतंकी हिज्‍बुल ग्रुप के हैं। पुलिस ने बताया, ‘आतंकियों की मौजूदगी का पता चलते ही राष्‍ट्रीय राइफल्‍स, सीआरपीएफ व राज्‍य पुलिस की स्‍पेशल ऑपरेशन ग्रुप के सुरक्षा जवानों ने शुक्रवार शाम शिष्‍टाराम गांव को घेर लिया। सुरक्षा घेरा सख्‍त होने के कारण आतंकियों ने फायरिंग कर दी जिसके बाद सेना के जवानों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गयी।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

2- राज्यसभा में कांग्रेस से कहीं आगे निकली भाजपा, पहली बार बनी सबसे बड़ी पार्टी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पहली बार राज्यसभा में सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। पार्टी के 38 वर्ष के इतिहास में पहली बार सदन में उसके 69 सदस्य हो गए हैं। भाजपा का गठन 1980 में हुआ था। हालांकि भाजपा की अगुआई वाला राजग अभी भी 245 सदस्यीय उच्च सदन में बहुमत से दूर ही रहेगा। सदन में बहुमत के लिए 126 का आंकड़ा चाहिए। मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के कुल सदस्य 50 हो जाएंगे। शुक्रवार को सात राज्यों में राज्यसभा की 26 सीटों के लिए हुए मतदान में भाजपा को सर्वाधिक 12 सीटों पर विजय हासिल हुई। कांग्रेस को पांच, तृणमूल कांग्रेस को चार, जदयू (शरद गुट) को एक और तेलंगाना राष्ट्र समिति को तीन सीटें मिलीं।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

3- पाकिस्तान में इस्लाम कबूलने को मजबूर हिंदू, रविवार को 500 लोगों का होगा धर्म परिवर्तन

जयपुर। राजस्थान से लगते पाकिस्तान के सिंध प्रांत में रविवार को 500 हिंदुओं का धर्म परिवर्तन कराया जाएगा। बताया जा रहा है कि इनमें से ज्यादातर वह हैं, जो पिछले कुछ समय में भारत से पाकिस्तान डिपोर्ट किए गए हैं। पाकिस्तान के सिंध प्रांत में 25 मार्च को हो रहे इस बड़े आयोजन के लिए जमकर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। राजस्थान में पाकिस्तान से विस्थापित हुए हिंदुओं के लिए काम करने वाले हिंदू सिंह सोढ़ा ने बताया कि धर्म परिवर्तन करने वालों में ज्यादातर उन्हीं लोगों के शामिल होने की संभावना है, जो भारत से पाकिस्तान डिपोर्ट कर दिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि इन लोगों को वहां काफी जलालत सहन करनी पड़ती है और बाद में धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जाता है। ऐसे कई मामले वह खुद देख चुके हैं। पिछले तीन सालों में भारत में शरण लेने आए 1,379 हिंदुओं को पाकिस्तान लौटना पड़ा है।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

4- भाजपा ने धनबल से अंबेडकर को राज्यसभा जाने से रोका : सतीश मिश्र

लखनऊ। बसपा ने राज्यसभा चुनाव की मतगणना में धांधली का आरोप लगाया है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने भी भाजपा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोप लगाए हैं। कहा कि धनबल का प्रयोग करके छल छद्म से बसपा उम्मीदवार को राज्यसभा में जाने से रोका है। परिणाम घोषित होने के बाद बसपा महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा को अंबेडकर नाम से चिढ़ है और इसीलिए भीमराव अंबेडकर को राज्यसभा में जाने से रोकने के लिए यह लोग हर स्तर पर उतर गए। हमने निर्वाचन आयोग में पहल की थी और आयोग ने हमें मुख्तार अंसारी के मामले में कोर्ट जाने की सलाह दी।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

5- BHU के नए कुलपति प्रो. भटनागर ने कहा- शिक्षा का स्तर ऊंचा करना ही मेरी प्राथमिकता

नई दिल्ली। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में कुलपति बनाए जाने पर प्रो. राकेश भटनागर ने कहा कि मैं एक शिक्षक हूं और बीएचयू में शिक्षा का स्तर ऊंचा हो, यही मेरी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मेरी प्रतिबद्धता है कि विश्वविद्यालय में अच्छे शिक्षक आएं, अच्छे छात्र आएं, गुणवत्तापरक शोधकार्य हों और एक अच्छा शैक्षणिक माहौल विकसित हो सके। मूलत: उत्तर प्रदेश (सहारनपुर) के निवासी प्रो. भटनागर की प्रारंभिक शिक्षा सहारनपुर के बाद कानपुर में हुई। 1997 से वह जेएनयू में प्राध्यापक हैं। उन्होंने कहा कि आज बीएचयू जिस स्तर पर है, अच्छा है। लेकिन, मैं चाहता हूँ उससे भी ऊपर जाए। मैं उत्तर प्रदेश से हूं तो इस विश्वविद्यालय की अच्छी जानकारी है। यह पूछे जाने पर की विगत महीनों में बीएचयू में जो छात्र आंदोलन हुए, इस तरह की चुनौतियों को कैसे देखते हैं? इस पर प्रो भटनागर ने कहा कि मैं चुनौतियों को स्वीकार करता हूं और सुलझाता हूं।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

6- हिंदुजा ब्रिटेन में बसे सबसे अमीर एशियाई, लगातार पांचवीं बार अमीरी का रुतबा कायम

लंदन। हिंदुजा परिवार ने लगातार पांचवीं साल ब्रिटेन में सबसे अमीर एशियाइ होने का रुतबा कायम रखा है। इस परिवार की कुल परिसंपत्ति 22 अरब पाउंड (करीब 202,400 करोड़ रुपये) आंकी गई है। ब्रिटेन के एशियन मीडिया ग्रुप द्वारा प्रकाशित एशियाइ अमीरों की वार्षिक सूची के अनुसार लंदन में मुख्यालय वाले हिंदुजा ग्रुप की कमान श्रीचंद पी. हिंदुजा, गोपीचंद पी. हिंदुजा, प्रकाश पी. हिंदुजा और अशोक पी. हिंदुजा के हाथों में है। उनकी परिसंत्तियों में पिछले साल 2017 में तीन अरब पाउंड की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हिंदुजा का कारोबार दुनिया के पांचों महाद्वीपों में फैला है। उसका प्रबंधन चारों हिंदुजा बंधु और उनके बच्चे संभालते हैं। रिच लिस्ट नोट के अनुसार जी. पी. हिंदुजा अपने कारोबार के दस वर्टिकल बताते हैं जो विभिन्न सेक्टरों में काम करते हैं और ग्रुप को वास्तविक विविधीकृत बनाते हैं।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

7- भाजपा की जीत पीछे मोदी का मार्गदर्शन और बसपा की हार के पीछे सपा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की नौ सीटों पर भाजपा की जीत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विजेता प्रत्याशियों को जीत की बधाई दी और बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार की हार का ठीकरा सपा पर फोड़ा। योगी ने जीत पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन बताया। योगी ने कहा कि एक बार फिर सपा का अवसरवादी चेहरा सामने आया है। समझदार के लिए जरूरी है कि वह ठोकर लगने से पहले संभल जाए। उल्लेखनीय है कि भाजपा आठ सीटें प्रथम वरीयता मतों और नौवीं सीट पर दूसरी वरीयता के मतों की गणना के बाद जीत ली है। सपा की जया बच्चन को जीत मिली जबकि बसपा के भीमराव अंबेडकर चुनाव हार गए।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

8- राज्यसभा चुनावः क्रॉस वोटिंग के बीच गहराया अतिरिक्त वोट का रहस्य
लखनऊ। राज्यसभा की दस सीटों के लिए हुए चुनाव में क्रॉस वोटिंग का खेल तो पहले ही जगजाहिर हो गया लेकिन, दिन भर बदलते घटनाक्रम ने सियासी रहस्य गहरा कर दिया है। भाजपा अपनी रणनीति और गणित के हिसाब से यह दावा कर रही है कि उसका सभी फार्मूला कामयाब हुआ लेकिन, बड़ा सवाल यही है कि सहयोगी दल के दो विधायकों के मतों को लेकर दिन भर संदेह बना रहा तो आखिर भाजपा को घोषित मतों से भी ज्यादा एक मत किसका मिला। भाजपा ने अपने आठ उम्मीदवारों के लिए 39-39 मत आवंटित किये थे। नवें उम्मीदवार के लिए भाजपा ने 16 मत आवंटित किये और उन्हें जिताने के लिए दूसरी वरीयता के मतों पर जोर दिया। इस हिसाब से भाजपा को कुल 328 विधायकों के मत मिले। कुल पड़े वैध मतों में भाजपा और सहयोगी दलों के मत जोड़कर 323 होते हैं। इस हिसाब से उन्हें पांच अतिरिक्त मत मिले। पहले से ही तय अमनमणि त्रिपाठी, विजय मिश्र, सपा के नितिन अग्रवाल और बसपा के अनिल सिंह के मत जोडऩे के बाद यह सवाल उठना लाजिमी है कि पांचवां मत किसका था।

पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

9- निवेशकों को करोड़ों का चूना लगाने के आरोपी जिग्नेश शाह के खिलाफ नई एफआइआर
नई दिल्ली। निवेशकों को हजारों करोड़ रुपये का चूना लगाने के कई आरोपों में पहले से जांच का सामना कर रहे जिग्नेश शाह पर सीबीआइ का नया शिकंजा कस गया है। सीबीआइ ने 2012 में नियमों को ताक पर रखते हुए मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) को पूरे देश में शुरू करने के मामले में जिग्नेश के खिलाफ नई एफआइआर दर्ज कर ली है। एफआइआर दर्ज करने के बाद सीबीआइ ने मुंबई, ग्वालियर और शिमला में नौ स्थानों पर छापा मारा, जिनमें फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी आफ इंडिया का दफ्तर भी शामिल है। सीबीआइ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जिग्नेश शाह के साथ-साथ एफआइआर में एमसीएक्स के तत्कालीन एमडी, फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी आफ इंडिया के चार पूर्व चेयरमैन और छह अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है।
पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें

10- सोना हुआ और भी महंगा, वैश्विक संकेतों और तेज मांग ने बढ़ाई चमक
नई दिल्ली। हफ्ते के आखिरी कारोबारी सत्र में सोने की चमक तेज हुई है। शुक्रवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 250 रुपए की तेजी के साथ 31,750 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है। सोने में इस तेजी की प्रमुख वजह मजबूत वैश्विक संकेत और स्थानीय ज्वैलर्स की ओर से बढ़ी खरीदारी है। वहीं सोने की ही तरह चांदी में भी तेजी देखने को मिली है। चांदी 50 रुपए बढ़कर 39,550 रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है। इस तेजी की प्रमुख वजह औद्योगिक इकाईयों और सिक्का निर्माताओं की ओर से तेज उठान रही है। व्यापारियों का कहना है कि सोने के दाम एक नरम डॉलर के मुकाबले वैश्विक बाजारों में दो सप्ताह के उच्चतम स्तर के मुकाबले बेहतर रहे हैं।
पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.