ओडिशा: नक्सलियों के लैंडमाइंस विस्फोट में तीन श्रमिकों की मौत
विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि एक शव विस्फोटस्थल से करीब 20 मीटर दूर पड़ा मिला, जबकि अन्य दो के शव 50 मीटर एवं 100 मीटर दूर पाए गए।
भुवनेश्वर, जागरण संवाददाता। ओडिशा में नवरंगपुर जिले के वेनस गांव के पास जंगल में सोमवार देर शाम नक्सलियों द्वारा बिछाई गई लैंडमाइंस ने तीन श्रमिकों की जान ले ली। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि तीनों श्रमिकों के चीथड़े उड़ गए। घटना की सूचना के बावजूद पुलिस के नहीं पहुंचने से मृतकों के परिजन विस्फोट में छिन्न-भिन्न शवों को संग्रह कर अपने घर ले गए।
पुलिस के इस उदासीन रवैये के विरोध में ग्रामीणों ने मंगलवार को रायगढ़ मुख्य मार्ग पर शवों को रखकर जाम लगा दिया। अंदेशा जताया जा रहा है कि बीएसएफ जवानों की नुकसान पहुंचाने के लिए नक्सलियों ने यहां पर लैंडमाइंस लगाया होगा। घटना के बाद बीएसएफ जवानों के मौके पर न पहुंचने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को लालमाटी गांव का लच्छू (20) ट्रैक्टर से छत्तीसगढ़ के गहरमुंडी गया था। उसके साथ मारंगपाली गांव के दो श्रमिक भरत जानी (18) एवं दशरथ जानी (19) भी गए थे। इंदिरा आवास के लिए जरूरी सामग्री ट्रैक्टर में लादकर ये सभी जंगल के रास्ते से वेनस गांव लौट रहे थे। इस दौरान अचानक लैंडमाइंस विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि एक शव विस्फोटस्थल से करीब 20 मीटर दूर पड़ा मिला, जबकि अन्य दो के शव 50 मीटर एवं 100 मीटर दूर पाए गए।