Move to Jagran APP

देश में 25 हजार के पास पहुंचा कोरोना मरीजों का आंकड़ा, मुंबई में 10 दिन में दोगुना से भी ज्यादा केस

देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 25 हजार के करीब पहुंच गया है। महाराष्‍ट्र और गुजरात में हालात बिगड़ते ही जा रहे हैं। जानिये देश के बाकी हिस्‍सों का हाल...

By Krishna Bihari SinghEdited By: Published: Sat, 25 Apr 2020 09:52 PM (IST)Updated: Sun, 26 Apr 2020 07:24 AM (IST)
देश में 25 हजार के पास पहुंचा कोरोना मरीजों का आंकड़ा, मुंबई में 10 दिन में दोगुना से भी ज्यादा केस
देश में 25 हजार के पास पहुंचा कोरोना मरीजों का आंकड़ा, मुंबई में 10 दिन में दोगुना से भी ज्यादा केस

नई दिल्ली, जेएनएन। देश में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या 25 हजार के पास पहुंच गई है। महाराष्ट्र खासकर मुंबई और गुजरात में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। मुंबई में पिछले 10 दिनों में दोगुना से भी ज्यादा मामले बढ़ गए हैं। वहीं, गुजरात में एक दिन में 256 नए मामले सामने आए हैं और छह लोगों की जान चली गई है। अगर पूरे देश की बात करें तो एक दिन में कोरोना से 56 लोगों की जान गई है जबकि 14 सौ नए केस सामने आए हैं। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के मुताबिक देश में अब तक 779 लोगों की मौत हुई है और 24,942 लोग संक्रमित हैं। हालांकि देश में ठीक होने वाले लोगों की संख्या पांच हजार को पार कर गई है।

loksabha election banner

महाराष्ट्र में 811 नए केस 

महाराष्ट्र में 811 नए मामले सामने आए हैं जिनमें से 602 नए केस अकेले मुंबई से हैं। राज्‍य में 22 लोगों की संक्रमण से मौत हो गई है जिनमें से 13 मौतें अकेले मुंबई में ही हुई हैं। महाराष्ट्र में संक्रमितों का आंकड़ा 7,628 हो गया है, इसमें 5,049 अकेले मुंबई में हैं। महाराष्ट्र में अब तक 323 लोगों की मौत हुई है, जिसमें से अकेले मुंबई में अब तक 191 मौतें शामिल हैं। मुंबई में 15 अप्रैल को 1,896 मरीज थे, जो 25 अप्रैल को बढ़कर 5,049 हो गए हैं यानी करीब ढाई गुना से भी ज्यादा की वृद्धि हुई है। राज्य में अब तक 96 पुलिसकर्मी भी संक्रमित हुए हैं। एक हेड कांस्टेबल की मौत भी हो गई है।

गुजरात में कहर जारी

गुजरात में कोरोना का कहर जारी है। पिछले कुछ दिनों से लगातार नए मामले बढ़ रहे हैं। शनिवार को भी 256 नए मामले सामने आए और छह लोगों की मौत हो गई। राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा तीन हजार को पार कर 3,071 पर पहुंच गया है। जबकि इस महामारी से अब तक 133 लोगों की जान भी जा चुकी है। राजधानी दिल्ली में 111 नए केस मिले हैं और संक्रमितों की संख्या 2,625 हो गई है।

बिहार में पांच दिन में दोगुना से भी ज्यादा मरीज

बिहार में पिछले हफ्ते तक कोरोना से स्थिति नियंत्रण में नजर आ रही थी। संक्रमितों की संख्या सौ से भी कम थी। लेकिन पिछले चार-पांच दिनों में राज्य की पूरी तस्वीर बदल गई है। हालांकि, अभी भी संक्रमितों की संख्या कम है, लेकिन ट्रेंड डराने वाला है। 19 अप्रैल को राज्य में कुल 96 मामले थे, जो 25 अप्रैल को बढ़कर 251 हो गए हैं यानी दोगुना से भी ज्यादा वृद्धि हुई है। शनिवार को 28 नए मामले सामने आए। आठ नए केस के साथ झारखंड में 68 संक्रमित केस हो गए हैं।

उत्तर प्रदेश में दो हजार के करीब पहुंचा आंकड़ा

उत्तर प्रदेश के हालात में भी तेजी से बदलाव आया है। शुरू में नोएडा-ग्रेटर नोएडा में ज्यादा मामले सामने आए, बाद में लखनऊ और कानपुर में मामले देखे गए और अब संत कबीर नगर में एक दिन में ही 19 मामले सामने आए हैं। इनमें से एक ही परिवार के 18 सदस्य हैं। इनके परिवार के लड़के देवबंद के दारुल उलूम में बढ़ते थे और जो संक्रमित पाए गए और उनसे अन्य लोगों तक यह संक्रमण पहुंचा। इनको मिलाकर शनिवार को उत्तर प्रदेश में 177 नए मामले सामने आए और संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,793 हो गई।

मध्य प्रदेश में 146 नए केस

मध्य प्रदेश में भी और 146 नए केस सामने आए हैं। संक्रमितों की संख्या 2,034 हो गई है। तीन लोगों की मौत भी हुई है और मरने वालों का आंकड़ा 99 पर पहुंच गया है। राजधानी भोपाल के साथ ही इंदौर और उज्जैन हॉटस्पॉट बने हुए हैं। राज्य के अन्य हिस्सों में लगभग स्थिति नियंत्रण में है।

कर्नाटक में पांच सौ हुए संक्रमित

कर्नाटक में संक्रमितों की संख्या 500 हो गई है। शनिवार को 26 नए मामले सामने आए। कर्नाटक में प्लाज्मा थेरेपी से कोरोना के मरीजों का इलाज शुरू हो गया है। इस थेरेपी को बहुत कारगर माना जा रहा है और इसके नतीजे भी अब तक बेहतर आए हैं।

आंध्र में आंकड़ा एक हजार के पार

आंध्र प्रदेश में और 61 मामले मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा एक हजार को पार कर 1061 पर पहुंच गया है। तेलंगाना में सात नए मामले मिले हैं और राज्य में कुल संक्रमित 990 हो गए हैं। पुडुचेरी में भी एक मामला सामने आया है और संक्रमित चार हो गए हैं। केरल में सात नए केस मिले हैं और 457 संक्रमित हो गए हैं। इनमें से ज्यादातर ठीक हो चुके हैं। तमिलनाडु में 66 नए केस सामने आए हैं और संक्रमितों की संख्या 1,821 हो गई है।

पूर्वोत्तर के चार राज्य कोरोना मुक्त

पूर्वोत्तर के चार राज्य-त्रिपुरा, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम कोरोना मुक्त हो गए हैं। इससे पहले गोवा कोरोना मुक्त हो चुका है। पूर्वोत्तर के चार अन्य राज्यों- मेघालय, असम, नगालैंड और मिजोरम में भी पिछले चौबीस घंटे में कोई नया केस नहीं आया है।

जम्मू-कश्मीर में पांच सौ के करीब आंकड़ा

जम्मू-कश्मीर में भी मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। शनिवार को 42 नए मामले सामने आए और कुल 496 संक्रमित हो गए। एक व्यक्ति की मौत भी हुई है और मृतकों की संख्या छह हो गई है। 14 मामलों के साथ पंजाब में कुल 312 संक्रमित हो गए हैं। हरियाणा में भी 12 नए मामले मिले हैं और आंकड़ा 287 पर पहुंच गया है। वहीं राजस्थान में और 27 मामले मिले हैं और कुल संख्या 2,061 हो गई है।

राज्य संक्रमित

महाराष्ट्र - 7,628

गुजरात - 3,071

दिल्ली - 2,625

राजस्थान - 2,061

मध्य प्रदेश - 2,034

तमिलनाडु - 1,821

उत्तर प्रदेश - 1,793

तेलंगाना - 990

आंध्र प्रदेश - 1,016

केरल - 457

कर्नाटक - 500

जम्मू-कश्मीर - 496

बंगाल - 541

पंजाब - 312

हरियाणा - 287

बिहार - 251

ओडिशा - 100

झारखंड - 68

उत्तराखंड - 48

हिमाचल प्रदेश - 41

छत्तीसगढ़ - 37

असम - 35

चंडीगढ़ - 27

अंडमान-निकोबार -22

लद्दाख - 20

मेघालय -12

गोवा - 7

पुडुचेरी - 4

मणिपुर - 2

त्रिपुरा - 2

मिजोरम - 1

नगालैंड - 1


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.