तेलंगाना में मिली महिला डॉक्टर की जली हुई लाश, चार लोगों को हिरासत में लिया गया
हैदराबाद में एक महिला डॉक्टर की जली हुई लाश बरामद की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
हैदराबाद, एएनआइ। हैदराबाद में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के शादनगर के बाहरी इलाके में एक लड़की की जली हुई लाश बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, पुलिस को संदेह है कि जलाने से पहले डॉक्टर का यौन शोषण किया गया था। पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने कहा कि हमें दृ़ढता से यह यकीन है कि पीड़िता की हत्या किए जाने से पहले उससे दुष्कर्म किया गया। हालांकि, इसकी पुष्टि फॉरेंसिक परीक्षण के बाद ही हो सकेगी। तेलंगाना के कैबिनेट मंत्री केटी रामाराव ने कहा कि वह मामले को व्यक्तिगत रूप से देखेंगे। वहीं केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी कल मृतक डॉक्टर के घर का दौरा करने वाले हैं।
फूटा महिला आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष का गुस्सा
हादसे पर महिला आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा कि ऐसा लगता है कि सड़को पर भेड़िये घूम रहे हैं। जो महिलाओं पर झपट्टा मारने की फिराक में रहते हैं। जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और आरोप साबित होने के बाद उन्हें फांसी पर लटका देना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि NCW की एक सदस्य वहां जा रही हैं, वह पीड़िता के परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करेंगी। साथ में कोशिश करेंगी कि जल्द से जल्द कार्रवाई हो।
मृतक की बहन ने दर्ज कराई शिकायत
शादनगर के एसीपी, वी सुरेंदर ने कहा कि मृतक महिला की बहन ने शमशाबाद ग्रामीण पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। मृतक डॉक्टर एक पशु चिकित्सक के रूप में काम कर रही थीं और इलाज के लिए एक अस्पताल गई थीं। वहां से लौटते समय उनके वाहन का टायर पंचर हो गया। इसके बाद उसकी शादनगर में नृशंस तरीके हत्या कर जला दिया गया।
बहन से फोन कर कहा- डर लग रहा है
हादसे की जानकारी देते हुए पीड़िता की बहन ने कहा कि शादनगर टोल प्लाजा के पास अपनी स्कूटी को पार्क किया था। पशु चिकित्सालय से लौटते वक्त जब वह वहां पहुंची तो उसकी स्कूटी पंचर थी। इसके बाद उसने अपनी बहन को फोन किया और इस बारे में जानकारी दी। उसने अपनी बहन से बात करते हुए फोन पर कहा कि मुझे डर लग रहा है मेरी स्कूटी खराब हो गई है। इसके बाद उसकी बहन ने उसे कैब से आने के लिए कहा।
तभी उसने बताया कि कुछ लोगों ने उसे मदद का प्रस्ताव दिया है और थोड़ी देर बाद कॉल करने की बात कही। इसके बाद से उसका फोन स्वीच ऑफ आने लगा। इसके बाद परिवार वालों ने शादनगर टोल प्लाजा पहुंचकर उसे खोजना शुरू किया। लेकिन, वह उन्हें वहां नहीं मिली अगले दिन उसकी लाश शादनगर अंडर पास के नीचे जली हुई मिली।
तेलंगाना के गृहमंत्री का बयान
तेलंगाना के गृहमंत्री मोहम्मद अली ने कहा कि हम घटना से दुखी हैं, पुलिस सतर्क है और लगातार अपराध को नियंत्रित कर रही है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि महिला ने अपनी बहन को फोन किया और '100' को नहीं, अगर महिला '100' फोन किया होता तो उसे बचाया जा सकता था।