मोजाम्बिक में फंसे भारतीय युवक के बचाव में सामने आईं सुषमा स्वराज
युवक के नियोक्ता ने चोरी का आरोप लगाते हुए बंदूक की नोक पर उसकी बुरी तरह से पिटाई की और उसका पासपोर्ट भी छीन लिया गया।
नई दिल्ली। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अब अफ्रीका में फंसे एक भारतीय युवक की मदद को सामने आई हैं। शख्स का नाम आनंद कृष्ण सिंह है, जो मुंबई का रहने वाला है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, आनंद मोजाम्बिक में काम कर रहा था। मगर उसके नियोक्ता ने चोरी का आरोप लगाते हुए बंदूक की नोक पर उसकी बुरी तरह से पिटाई की और उसका पासपोर्ट भी छीन लिया गया।
पीडि़त की बहन अनिता सुवर्णा ने मदद के लिए सुषमा स्वराज को टैग करते हुए एक ट्वीट किया, जिस पर उन्होंने तुरंत प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय दूतावास को इस बारे में सूचित किया। इस पर जवाब भी आ गया कि उच्चायोग ने अनिल से संपर्क कर लिया है और मामला सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
#Help Indian stuck in Mozambique. Beaten daily to extort money. @sushmaswaraj @narendramodi and @IndiaInMoz #PleaseRT pic.twitter.com/BWywS5sQdx
— karl gomes (@karlgomes) May 30, 2017
आपको बता दें कि सुषमा स्वराज ने एक पाकिस्तानी शख्स की गुहार भी सुनी है, जिसे अपने बच्चे के इलाज के लिए वीजा मिलने में परेशानी हो रही थी। उन्होंने भारतीय दूतावास को मेडिकल वीजा देने का निर्देश दिया है। वहीं इससे पहले उन्होंने पाकिस्तान में फंसी भारतीय महिला उज्मा अहमद को स्वदेश लौटने में मदद की। एक पाकिस्तानी शख्स बंदूक की नोक पर उज्मा के साथ शादी कर प्रताडि़त कर रहा था।