सुषमा स्वराज की लीबिया में रह रहे भारतीयों से अपील, त्रिपोली छोड़ दें अन्यथा बाद में वापसी होगी मुश्किल
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की भारतीयों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द त्रिपोली छोड़ दें अन्यथा बाद में उनकी वापसी में मुश्किल आएगी।
नई दिल्ली, एजेंसी। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने शुक्रवार को बताया कि लीबिया से भारी लोगों की निकासी और यात्रा प्रतिबंध के बाद भी त्रिपोली में 500 से अधिक भारतीय मौजूद हैं। त्रिपोली में स्थिति तेजी से बिगड़ रही है। फिलहाल, उड़ानें चालू हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कृपया अपने संबंधियों, रिश्तेदारों और दोस्तों से त्रिपोली छोड़ने के लिए कहें क्योंकि हम बाद में उन भारतीयों को नहीं निकाल पाएंगे।
बता दें कि लीबिया की राजधानी त्रिपोली में कब्जे को लेकर दो प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच जारी खूनी टकराव में अब तक 205 लोगों की मौत हो चुकी है। दोनों ही गुटों के बीच यह लड़ाई इस महीने की शुरुआत में भड़की थी। अब इसके गृह युद्ध में बदलने की आशंका है। सनद रहे कि साल 2011 में भड़के ऐसे ही विद्रोह में तानाशाह मुअम्मर गद्दाफी की हत्या हो गई थी। इन सबके बीच, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अपने बयान में कहा है कि मौजूदा टकराव को देखते हुए उसने घायलों के इलाज के लिए डॉक्टरों की तैनाती कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ट्विटर के जरिए विदेशों में फंसे भारतीय की मदद करती रही हैं। हाल ही में अली नामक शख्स जो सऊदी अरब की राजधानी रियाद में फंसे हैं, ट्वीट के जरिए सुषमा स्वराज तक अपनी बात पहुंचाई। उन्होंने ट्वीट में भारत वापस ना लौटने पर खुदकुशी करने की बात कही थी। इस पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने शुक्रवार को खुद उनकी हिम्मत बढ़ाई और हर संभव मदद का भरोसा दिया।