सुशांत सिंह की दोस्त ने इंदौर पुलिस से मांगी सुरक्षा, रिया पक्ष पर आइडी हैक करने का आरोप
दिवंगत फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह आत्महत्या मामले में सुरक्षा जांच एजेंसियों को अहम जानकारी मुहैया करवाने वाली स्मिता सिंह ने मध्य प्रदेश के इंदौर के डीआइजी हरिनारायणाचारी मिश्र से सुरक्षा की मांग की है। स्मिता सुशांत सिंह राजपूत की पारिवारिक दोस्त हैं।
इंदौर, राज्य ब्यूरो। दिवंगत फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह आत्महत्या मामले में सुरक्षा जांच एजेंसियों को अहम जानकारी मुहैया करवाने वाली स्मिता सिंह ने मध्य प्रदेश के इंदौर के डीआइजी हरिनारायणाचारी मिश्र से सुरक्षा की मांग की है। स्मिता सुशांत सिंह राजपूत की पारिवारिक दोस्त हैं। वह मुंबई छोड़ कर सोमानी नगर (एरोड्रम) क्षेत्र में रहने वाले रिश्तेदार के पास रहने आई हैं। उन्होंने रिया चक्रवर्ती की करीबी डेबिलिना पर आइडी हैक करने का आरोप भी लगाया है।
सुशांत को न्याय दिलाने का किया था प्रयास
स्मिता और सुशांत सिंह 2017 से दोस्त रहे हैं। उनकी सुशांत की बहन और जीजा से भी अच्छी पहचान है। सुशांत की मौत के बाद उन्होंने आत्महत्या पर सवाल उठाए थे। वह उस कैंपेन में शामिल हैं जो सुशांत को न्याय दिलाने का प्रयास कर रहे हैं। शनिवार को स्मिता परिचितों के साथ डीआइजी मिश्र के पास पहुंची और तीन पन्नों की लिखित शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने कहा कि आइडी हैक कर उनके मैसेज प्रसारित किए जा रहे हैं। उनके पास महत्वपूर्ण तत्थ मौजूद होने के कारण अभी वे इंदौर आ गई हैं इसलिए सुरक्षा की आवश्यकता है।
सुरक्षा दी गई है : डीआइजी
डीआइजी हरिनारायणाचारी मिश्र के मुताबिक आवेदिका स्मिता मुंबई से आई हैं। वह सुशांत सिंह राजपूत को लंबे समय से जानती हैं और उस केस में कई महत्वपूर्ण जानकारियां उनके पास है। वे फिलहाल इंदौर में रहना चाहती हैं। उन्हें कुछ सुरक्षा संबंधी आशंका है। हमने संबंधित थाना तको अलर्ट कर दिया है। पेट्रोलिंग और डॉयल-100 की टीम भी लगाई है। वह जहां ठहरी हैं, उस घर के आसपास स्थानीय पुलिस लगा दी है। आने जाने वालों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाने के लिए कहा है।
यह भी देखें: AIIMS की रिपोर्ट पर मुंबई पुलिस कमिश्नर ने दिया बयान, देखें क्या कहा