मध्य प्रदेश में डांसर सपना चौधरी के कार्यक्रम में पथराव, दो घायल
कार्यक्रम शुरू होते ही कुछ लोगों ने मंच पर जाने का प्रयास किया और सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेड्स और जालियां तोड़ दीं।
नईदुनिया, राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के उदनखेड़ी के समीप बुधवार रात डांसर सपना चौधरी के कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ। लोगों ने पथराव किया तो भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठियां भांजी। इस हंगामे में दो लोग घायल हो गए। सपना चौधरी कार्यक्रम को बीच में ही छोड़कर चली गई।
आयोजकों ने इस कार्यक्रम के लिए 300 से 1000 रुपये तक के टिकट बेचे थे। कार्यक्रम शुरू होते ही कुछ लोगों ने मंच पर जाने का प्रयास किया और सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेड्स और जालियां तोड़ दीं। सपना के साथ आए बाउंसरों ने लोगों को रोका तो पथराव शुरू कर दिया। इस पर पुलिस ने लाठियां भांजना शुरू कर दिया। इस दौरान उदनखेड़ी निवासी नीतेश राठौर एवं एक अन्य युवक को चोटें आई हैं। नीतेश का आरोप है कि उसे पुलिस की लाठी लगी है।
नशे में थे कई लोग
कार्यक्रम में लोग धक्का-मुक्की कर कर रहे थे। कई लोग शराब पीकर आए थे। बैरिकैड्स और उसकी जाली तोड़ दी थी। वे जबरिया मंच पर जाना चाह रहे थे। सपना के बाउंसर ने भी डंडे रखे हुए थे। शायद बाउंसर का डंडा किसी को लगा था, इसलिए ग्रामीणों ने पत्थर फेंके।
-अशोक उपाध्याय, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी, सारंगपुर