Me Too अभियान के चलते सूदबी इंडिया के एमडी ने दिया इस्तीफा
नीलामी संस्था सूदबी के इंडिया एमडी गौरव भाटिया ने MeToo के आरोपों के चलते इस्तीफा दे दिया है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। नीलामी संस्था सूदबी के इंडिया एमडी गौरव भाटिया ने यौन दुर्व्यवहार के आरोपों के चलते इस्तीफा दे दिया है। नीलामी संस्था ने शनिवार को यह जानकारी दी। यौन उत्पीड़न के आरोपों से संबंधित 'मी टू' अभियान के तहत उन पर कई आरोप सामने आए थे। उन पर आरोप है कि उन्होंने पीडि़ताओं को गलत तरीके से छुआ और उन्हें चूमने का प्रयास किया।
सूदबी ने बताया, 'कंपनी के साथ दो साल बिताने के बाद एमडी गौरव भाटिया ने 20 दिसंबर, 2018 को इस्तीफा दे दिया। हम उनके काम की सराहना करते हैं और धन्यवाद देते हैं।' भाटिया के ही कार्यकाल में मुंबई में सूदबी की पहली नीलामी आयोजित हुई थी।
भाटिया ने कहा, 'सूदबी के साथ अपने शानदार दो साल के बाद मैंने आगे बढ़ने का फैसला किया है। इस टीम के साथ काम करने का अनुभव बेहतरीन रहा। मैं आगे भी भारत में सूदबी को तरक्की करते हुए देखना चाहूंगा।' 'मी टू' अभियान के तहत आरोपों के घेरे में आने वाली कला क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों में जतिन दास, रियास कोमू और सुबोध गुप्ता के नाम भी अहम हैं। बॉलीवुड में आलोकनाथ और नाना पाटेकर जैसी हस्तियां भी आरोपों का सामना कर रही हैं। पूर्व विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर को भी ऐसे ही आरोपों के चलते पद से इस्तीफा देना पड़ा था।